राजमिस्त्री की बेटी की मेहनत ने बदली परिवार की पहचान, NEET में सफलता के बाद RIMS पहुंचीं सोनी

Updated:
विज्ञापन

अपने परिजनों के साथ सोनी कुमारी | Prabhat Khabar Network

19 वर्षीय सोनी कुमारी ने NEET-2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर रांची के RIMS में MBBS में दाखिला पाया है। राजमिस्त्री की बेटी सोनी ने अपनी लगन और मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है, जो ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

विज्ञापन

प्रतिनिधि, बरहरवा : बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र के झिकटिया की रहने वाली 19 वर्षीय सोनी कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर NEET-2026 परीक्षा में सफलता हासिल कर रांची स्थित राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (RIMS) में MBBS में दाखिला प्राप्त किया है. सोनी की सफलता से परिवार के साथ-साथ गांव और क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

चार भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर हैं सोनी

सोनी चार भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर हैं. उनके पिता शिव कुमार महतो राजमिस्त्री का काम करते हैं, जबकि माता कविता देवी गृहिणी हैं. सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद सोनी ने पढ़ाई के प्रति अपनी लगन और मेहनत जारी रखकर यह मुकाम हासिल किया है.

मैट्रिक में मिले थे 90 प्रतिशत अंक

सोनी बताती हैं कि उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय झालदिग्घी से पूरी की. इसके बाद एनडीएम गर्ल्स हाई स्कूल बरहरवा से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की. ब्राइट कोचिंग सेंटर के मार्गदर्शन में उन्होंने मैट्रिक में 90 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. इसके बाद बरहरवा स्थित बीएसके कॉलेज से आईएससी की पढ़ाई पूरी की और इंटरमीडिएट में 80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए.

घर से ऑनलाइन तैयारी कर NEET में हासिल की सफलता

सोनी ने बताया कि उन्होंने घर से ही ऑनलाइन माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की. इसी दौरान उन्होंने सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (CUET) भी दी. CUET में प्राप्त अंकों के आधार पर उन्हें दिल्ली कैंपस में फॉरेंसिक साइंस कोर्स के लिए अवसर मिला था. हालांकि उनका लक्ष्य मेडिकल क्षेत्र में जाने का था. इसके बाद उन्होंने NEET की तैयारी कर परीक्षा में सफलता हासिल की और अब रांची RIMS में MBBS में दाखिला लिया है.

माता-पिता और प्रोफेसर को दिया सफलता का श्रेय

सोनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और बीएसके कॉलेज के बॉटनी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर भागीरथ पंडित को दिया है. सोनी बताती हैं कि वह डॉक्टर बनकर जरूरतमंद लोगों और समाज की सेवा करना चाहती हैं. वहीं पिता शिव कुमार महतो ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि बेटी ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत कर परिवार का नाम रोशन किया है.

सीमित संसाधनों में बड़े सपने देखने वालों के लिए बनीं प्रेरणा

सोनी की सफलता ग्रामीण क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनी है, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखा है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola