बरहरवा में आवास योजना की सूची जारी, 30 सितंबर तक ही दावा-आपत्ति का मौका
बीडीओ सन्नी कुमार दास | Prabhat Khabar Network
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण 2.0 की सूची बरहरवा में जारी कर दी गई है. जिन लाभुकों को अपनी जानकारी या पात्रता पर कोई आपत्ति है, वे 30 सितंबर तक प्रखंड कार्यालय में लिखित आवेदन जमा कर सकते हैं. समय सीमा का ध्यान रखें, क्योंकि इसके बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा.
प्रतिनिधि, बरहरवा : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण 2.0 के लाभुकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गयी है. आवास प्लस 2.0 सर्वे 2024 के आधार पर तैयार स्थायी प्रतीक्षा सूची को ग्रामसभा से अनुमोदन के बाद सार्वजनिक कर दिया गया है. बरहरवा बीडीओ सन्नी कुमार दास ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग के निर्देश पर स्वीकृत एवं अस्वीकृत दोनों श्रेणी के लाभुकों की सूची प्रखंड की सभी पंचायतों के पंचायत भवन एवं सचिवालय में चस्पा कर दी गयी है. संबंधित पंचायत के ग्रामीण पंचायत भवन पहुंचकर सूची में अपना नाम और लाभुक की स्थिति की जांच कर सकते हैं.
गलती मिलने पर दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
बीडीओ ने बताया कि सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद यदि किसी लाभुक को नाम, पात्रता या सूची में दर्ज स्थिति को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति है, तो वह निर्धारित अवधि में दावा-आपत्ति दर्ज करा सकता है. किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं होने अथवा किसी लाभुक का नाम गलत तरीके से अस्वीकृत किये जाने की स्थिति में भी आपत्ति दर्ज करायी जा सकती है.
30 सितंबर तक देना होगा आवेदन
दावा-आपत्ति के लिए लाभुक को बरहरवा प्रखंड कार्यालय स्थित आवास शाखा के कंट्रोल रूम में कार्यालय अवधि के दौरान लिखित आवेदन जमा करना होगा. 12 सितंबर से 30 सितंबर तक दावा-आपत्ति दर्ज कराने का समय निर्धारित किया गया है.
समय सीमा के बाद नहीं होगा विचार
निर्धारित अवधि में प्राप्त आवेदनों की जांच संबंधित स्तर से की जायेगी. बीडीओ ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे पंचायत भवन जाकर सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर समय सीमा के अंदर दावा-आपत्ति दर्ज करायें. उन्होंने स्पष्ट किया कि 30 सितंबर के बाद प्राप्त होने वाली किसी भी दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जायेगा. ऐसे में लाभुक अंतिम तिथि का इंतजार किये बिना समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए