बाल पकड़कर खींचे और पिटाई भी की.... कस्तूरबा की छात्रा ने वार्डन पर लगाये आरोप, जाने क्या है मामला?
अपने परिजनों के साथ अस्पताल इलाज कराने पहुंची शेफाली कुमारी | Prabhat Khabar Network
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पतना की कक्षा 11वीं की छात्रा ने विद्यालय की वार्डन पर मामूली बात पर मारपीट करने और 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है. छात्रा ने उपायुक्त से जांच और कार्रवाई की मांग की है.
प्रतिनिधि, पतना : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पतना की कक्षा 11वीं की छात्रा ने विद्यालय की वार्डन पर मामूली बात को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया है. छात्रा ने मामले को लेकर साहिबगंज उपायुक्त को लिखित शिकायत देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है.
बाल पकड़कर पिटाई करने का आरोप
छात्रा के अनुसार, बीते 14 सितंबर को वह विद्यालय में थी. इसी दौरान मामूली बात को लेकर वार्डन प्रिया सरिता हांसदा ने उसके साथ मारपीट की. छात्रा ने शिकायत में आरोप लगाया है कि वार्डन ने उसके बाल पकड़कर खींचे और बेरहमी से पिटाई की.
इलाज के बाद बाहर किया गया रेफर
घटना के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर उसके पिता उसे इलाज के लिए कल्याण हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार किया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए छात्रा को बाहर रेफर कर दिया गया.
छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
छात्रा ने उपायुक्त से पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है.
10 हजार रुपये मांगने का भी आरोप
छात्रा ने अपनी शिकायत में वार्डन पर नामांकन के वक्त तथा अपनी बहन का टीसी लेते वक्त 10 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है. छात्रा ने बताया कि वह गरीब परिवार से है और उसके पास इतनी राशि देने के लिए पैसे नहीं थे. रुपये देने में असमर्थता जताने पर वार्डन द्वारा उसे कथित रूप से परेशान किया गया. छात्रा ने मानसिक रूप से भी कई बार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.
वार्डन ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
मामले को लेकर वार्डन प्रिया सरिता हांसदा ने छात्रा के आरोपों को बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि उन्होंने न तो छात्रा के साथ मारपीट की और न ही पैसे की मांग की है. वार्डन के अनुसार, क्लास के समय छात्रा कपड़े धो रही थी, इसलिए उसे डांट-फटकार लगायी गयी थी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए