तेज रफ्तार ने ली जिंदगी:गोवा लौटने की तैयारी में था युवक, सड़क हादसे में मौत
मृतक की फाइल फोटो| Prabhat Khabar Network
साहिबगंज के बोरियो में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त. हादसे में एक युवक की मौत. जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल.
प्रतिनिधि, बोरियो : बोरियो थाना क्षेत्र के मोरंग नदी पुल के समीप शुक्रवार की मध्य रात्रि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतक की पहचान बोरियो बाजार के धोबी टोला निवासी मंगल केवट (25) के रूप में हुई है. घायलों में सोनू रजक (21) और छोटका रजक (30) शामिल हैं.
आपके शहर में
मोड़ पर अनियंत्रित हुई बाइक, तीनों सड़क पर गिरे
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगल केवट अपने दोनों साथियों के साथ बाइक से बोरियो बाजार से मोरंग नदी की ओर जा रहा था. बताया जाता है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी. मोरंग नदी से पहले एक मोड़ पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गयी और दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई. एसआई दूधनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया.
सीएचसी पहुंचते ही डॉक्टर ने मंगल को मृत घोषित किया
सीएचसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद मंगल केवट को मृत घोषित कर दिया. वहीं, सोनू रजक और छोटका रजक की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने मंगल केवट के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
शनिवार को गोवा लौटना था, शुक्रवार रात ही छिन गयी जिंदगी
बताया जाता है कि मंगल केवट गोवा में काम करता था. वह मनसा पूजा के लिए घर आया था और शनिवार को वापस गोवा लौटने के लिए टिकट भी करा रखा था. लेकिन घर से लौटने से महज कुछ घंटे पहले ही शुक्रवार की रात वह सड़क हादसे का शिकार हो गया.
अचानक हुई मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए