साहिबगंज कॉलेज में खेल का जोश, 5 KM की मैराथन में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
मैराथन दौड़ में शामिल खिलाडी | Prabhat Khabar Network
साहिबगंज महाविद्यालय में खेल कुंभ के दूसरे दिन मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ. प्राचार्य ने छात्रों को फिटनेस के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
संवाददाता, साहिबगंज : साहिबगंज महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन मैराथन रेस का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में कॉलेज के खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया और अपनी फिटनेस व खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
आपके शहर में
प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर किया मैराथन का शुभारंभ
मैराथन प्रतियोगिता की शुरुआत शहर के सुभाष चौक से हुई, जबकि दौड़ का समापन सिदो-कान्हू स्टेडियम में हुआ. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को खेल और शारीरिक गतिविधियों को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लेना चाहिए.
उन्होंने कहा कि नियमित खेलकूद से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है. उन्होंने युवाओं और खिलाड़ियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा अपनी फिटनेस, स्वास्थ्य और शारीरिक क्षमता पर विशेष ध्यान देने की अपील की.
5 और 3 किलोमीटर की हुई मैराथन
महाविद्यालय के खेल पदाधिकारी प्रोफेसर प्रदीप कुमार कुजूर ने बताया कि मैराथन प्रतियोगिता बालक और बालिका वर्ग में आयोजित की गयी. बालक वर्ग के लिए पांच किलोमीटर तथा बालिका वर्ग के लिए तीन किलोमीटर की दौड़ रखी गयी थी. प्रतियोगिता में कई खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
बालक वर्ग में दक्षिणद्वय हेंब्रम ने प्रथम, जॉन सोरेन ने द्वितीय और मुंशी महावीर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं बालिका वर्ग में आरती कुमारी और संध्या कुमारी ने सफलतापूर्वक मैराथन पूरी की.
शिक्षकों ने निभायी महत्वपूर्ण भूमिका
मैराथन प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. जितेंद्र कुमार साहा, डॉ. अक्षय कुमार वर्मा, डॉ. सोनू फ्रांसिस मुर्मू, डॉ. प्रिया सिंह, डॉ. अनु सुमन बाड़ा, प्रोफेसर अदिति सुरिन, प्रोफेसर चंद्रशेखर प्रमाणिक और प्रोफेसर कुमार प्रशांत भारती की सराहनीय भूमिका रही. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए