गुमानी में इंटरसिटी रोकने की मांग, हजारों लोगों ने किया हस्ताक्षर; DRM तक पहुंची आवाज
हस्ताक्षर अभियान के दौरान संगठन के लोग | Prabhat Khabar Network
गुमानी रेलवे स्टेशन पर मालदा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर हजारों लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दिया है. इस मांग को अब हावड़ा मंडल रेल प्रबंधक तक पहुंचाया गया है, जिससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
प्रतिनिधि, बरहरवा: पाकुड़-बरहरवा रेलखंड स्थित गुमानी रेलवे स्टेशन पर मालदा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस (13011/13012) के ठहराव की मांग अब रेलवे के हावड़ा मंडल तक पहुंच गयी है. नवझारखंड जनएकता संगठन की ओर से चलाये गये हस्ताक्षर अभियान के तहत जुटाये गये हस्ताक्षरों को बुधवार को भारतीय डाक के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक, हावड़ा मंडल को भेजा गया.
संगठन के अध्यक्ष फारोग अहसान की ओर से भेजे गये पत्र में गुमानी स्टेशन पर इंटरसिटी के ठहराव की मांग पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है.
छात्र से लेकर मरीज तक, रोज सफर करते हैं लोग
संगठन का कहना है कि गुमानी रेलवे स्टेशन आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन केंद्र है. यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, व्यापारी, कर्मचारी, किसान, मरीज और आम नागरिक हावड़ा, मालदा समेत आसपास के क्षेत्रों की यात्रा करते हैं.
शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और व्यापार के लिए रेल पर निर्भर लोगों को इंटरसिटी के ठहराव नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ता है.
लंबे समय से उठ रही है ट्रेन रोकने की मांग
नवझारखंड जनएकता संगठन के अनुसार, गुमानी स्टेशन पर मालदा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग स्थानीय स्तर पर लंबे समय से की जाती रही है.
इसी मांग को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के उद्देश्य से संगठन ने हस्ताक्षर अभियान शुरू किया था. अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों से मिले समर्थन और हस्ताक्षरों को अब रेलवे प्रशासन के समक्ष भेजा गया है.
ठहराव मिलने से आसपास के हजारों यात्रियों को फायदा
संगठन ने डीआरएम से मांग की है कि मालदा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस को गुमानी स्टेशन पर ठहराव दिया जाए.
संगठन का कहना है कि ट्रेन के रुकने से गुमानी के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. यात्रियों को मालदा या अन्य स्टेशनों तक जाने की अतिरिक्त परेशानी से भी राहत मिलेगी.
रेलवे से गंभीरता से विचार करने की अपील
संगठन ने पत्र के माध्यम से रेलवे प्रशासन से जनभावना और क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए इस मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करने की अपील की है. अब स्थानीय लोगों की नजर रेलवे प्रशासन की ओर से होने वाली कार्रवाई पर है.उन्हें मालदा अथवा अन्य स्टेशनों तक जाने की अतिरिक्त परेशानी से राहत मिलेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए