भाजपा तीनपहाड़ मंडल की बैठक, 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान की तैयारी
पार्टी पदाधिकारी का स्वागत करते कार्यकर्ता. | Prabhat Khabar Network
भारतीय जनता पार्टी तीनपहाड़ मंडल की संगठनात्मक बैठक कन्हैयास्थान स्थित इस्कॉन मंदिर में आयोजित हुई. बैठक में 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई, जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा. संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उपायों पर जोर दिया गया.
प्रतिनिधि,मंगलहाट: राजमहल प्रखंड क्षेत्र के कन्हैयास्थान स्थित इस्कॉन मंदिर के सामुदायिक भवन में भारतीय जनता पार्टी के तीनपहाड़ मंडल की संगठनात्मक बैठक सह प्रखंड स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष चंदन श्रीवास्तव ने की.
कार्यशाला में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी हुए शामिल
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष गौतम यादव, प्रदेश मंत्री कृष्णा महंतों, नमामि गंगे प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश मंडल, रणधीर सिंह, सागर मंडल और सोनेलाल ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया.
मौके पर कार्यकर्ताओं की ओर से उपस्थित नेताओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया.
'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर कार्यकर्ताओं को दी जानकारी
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष गौतम यादव ने संगठनात्मक विषयों पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी देते हुए 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा कार्यकर्ताओं के सामने रखी.
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत होने वाले प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पहले से आवश्यक तैयारियां पूरी करनी होंगी. इसके साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच संगठनात्मक जिम्मेदारियों का समुचित बंटवारा भी जरूरी है.
बूथ और शक्ति केंद्र तक पहुंचाने पर जोर
गौतम यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी के सभी कार्यक्रमों को केवल मंडल स्तर तक सीमित न रखते हुए बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया. बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
संगठनात्मक बैठक और कार्यशाला में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला. नेताओं ने कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों के लिए तैयार रहने और संगठन के निर्देशों के अनुसार जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा.
कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में अमृत पांडे, चंदन श्रीवास्तव, श्रवण मंडल, विंदेश्वरी यादव, मुन्ना मंडल, अजय चौधरी, परमानंद मंडल सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए