Ranchi Nagar Nigam: फाइलों से बाहर नहीं निकल पायीं बकरी बाजार और डेली मार्केट की योजनाएं
रांची नगर निगम
रांची नगर निगम पिछले छह सालों से अपर बाजार और मेन रोड में जाम की समस्या दूर करने के लिए बकरी बाजार और डेली मार्केट में मल्टी-लेवल पार्किंग बनाने की योजनाएं बना रहा है. बार-बार मंजूरी मिलने के बावजूद ये प्रोजेक्ट अभी तक फाइलों से बाहर नहीं निकल पाए हैं.
रांची. राजधानी के अपर बाजार और मेन रोड में जाम की समस्या दूर करने के लिए रांची नगर निगम करीब छह साल से योजनाएं बना रहा है. कभी बकरी बाजार में मल्टी-लेवल पार्किंग बनाने की बात हुई, तो कभी डेली मार्केट के पुराने ढांचे को हटाकर आधुनिक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, पार्किंग और होटल बनाने का प्रस्ताव आया. बैठकों में योजनाओं को मंजूरी मिलती रही और डीपीआर बनाने व उसमें बदलाव के निर्देश भी दिये जाते रहे, लेकिन जमीन पर अब तक कोई काम शुरू नहीं हुआ.
आपके शहर में
अब अगस्त 2026 में हुई नगर निगम बोर्ड की बैठक में बकरी बाजार की मल्टी-स्टोरी पार्किंग और डेली मार्केट के आधुनिकीकरण की योजनाओं को फिर आगे बढ़ाने की मंजूरी दी गयी है. इसके बाद सवाल उठ रहा है कि छह साल से जिन योजनाओं पर बैठक और डीपीआर का दौर चल रहा है, उनका काम आखिर कब शुरू होगा.
छह साल में कई बार बदला पार्किंग का प्रारूप
अपर बाजार को जाम से राहत दिलाने के लिए बकरी बाजार की जमीन पर पार्किंग बनाने की योजना वर्ष 2020 में सामने आयी थी. इसके लिए निगम ने डीपीआर तैयार करने की पहल की. बाद में योजना का स्वरूप कई बार बदला. कभी मार्केट कॉम्प्लेक्स के साथ पार्किंग बनाने का प्रस्ताव आया, तो कभी चारों तरफ दुकानें और बीच में पार्किंग बनाने की योजना तैयार हुई.
वर्ष 2021 में जमीन को लेकर निजी दावेदार सामने आये. पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण भी योजना आगे नहीं बढ़ सकी. इसके बाद भी निगम की बैठकों में समय-समय पर बकरी बाजार पार्किंग का मुद्दा उठता रहा.
जनवरी 2026 में आधुनिक मल्टी-लेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स के लिए नया डीपीआर तैयार कराने की पहल की गयी. अब अगस्त की बोर्ड बैठक में इसे फिर मंजूरी दी गयी है. कंसल्टेंट का चयन करने और डीपीआर को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गयी है.
डेली मार्केट की योजना भी वर्षों से अटकी
मेन रोड और आसपास के इलाकों में जाम की समस्या को देखते हुए डेली मार्केट के आधुनिकीकरण की योजना भी पुरानी है. पुराने बाजार के ढांचे को हटाकर मल्टी-लेवल पार्किंग, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और होटल बनाने के प्रस्ताव पर अलग-अलग समय में चर्चा होती रही है.
जुलाई-अगस्त 2026 में यह योजना एक बार फिर चर्चा में आयी. निगम का कहना है कि बाजार के आधुनिकीकरण से व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा मिलेगी और मेन रोड पर जाम कम करने में मदद मिलेगी. लेकिन वर्षों से प्रस्ताव और बैठकों के बावजूद निर्माण शुरू नहीं हो पाया है.
ये भी पढ़ें: रांची में चुनाव आयोग का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 2-3 सितंबर को, मतदाता पंजीकरण पर जुटेंगे देश-विदेश के दिग्गज विशेषज्ञ
अब सवाल, कब शुरू होगा काम?
बकरी बाजार और डेली मार्केट दोनों योजनाओं को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रस्ताव, डीपीआर और मंजूरी के बाद काम जमीन पर कब उतरेगा. बकरी बाजार पार्किंग की योजना करीब छह साल से अलग-अलग रूप में आगे बढ़ रही है. हर बार योजना को नयी मंजूरी मिलती है, लेकिन किसी न किसी कारण से काम रुक जाता है.
डेली मार्केट की योजना का भी यही हाल है. दोनों जगहों पर पार्किंग की समस्या और वाहनों का दबाव लगातार बना हुआ है. इसके बावजूद योजनाएं अभी तक कागज और बैठकों से आगे नहीं बढ़ पायी हैं.
अब अगस्त 2026 की मंजूरी के बाद देखना होगा कि निगम इन योजनाओं को जमीन पर उतार पाता है या फिर कुछ समय बाद दोनों योजनाएं दोबारा किसी नयी बैठक और नये डीपीआर के इंतजार में फाइलों में चली जाती हैं.
ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर कलाई न रहे सूनी: छुट्टी त्यागकर देर रात तक राखी का वितरण करते रहे डाकिया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए