Ranchi Mayor Election: रमा खलखो ने किया नॉमिनेशन, उपलब्धियां गिनाकर मांगा वोट

Updated at : 03 Feb 2026 4:18 PM (IST)
विज्ञापन
कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी रमा खलखो ने नामांकन किया.

कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी रमा खलखो ने नामांकन किया.

Ranchi Mayor Election: रांची मेयर चुनाव के तहत कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो ने नामांकन दाखिल कर दिया है. उन्होंने अपनी पिछली उपलब्धियां गिनाते हुए जनता से वोट मांगा है. उनसे बातचीत का वीडियो नीचे देखें...

विज्ञापन

Ranchi Mayor Election: रांची नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. कांग्रेस समर्थित मेयर पद की उम्मीदवार बनाई गईं पूर्व मेयर रमा खलखो ने अपने पुराने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए जनता से एक बार फिर समर्थन मांगा है. उन्होंने कहा कि 2008 में हुए नगर निगम चुनाव के बाद पांच साल के कार्यकाल में उनकी टीम ने जमीन पर दिखने वाले कई बड़े काम किए थे, जिन्हें रांची की जनता आज भी याद करती है. कांग्रेस को टक्कर देने के लिए भाजपा ने पूर्व वार्ड पार्षद रोशनी खलखो को समर्थन दिया है और रोशनी और रमा में इस पद के लिए कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है. रोशनी खलखो भी एक प्रखर नेता हैं और उन्होंने कई बार जनता की आवाज उठाई है.

युवा और महिलाओं को रोजगार देना प्राथमिकता

नॉमिनेशन के वक्त रमा खलखो ने कहा कि उनके कार्यकाल में सिर्फ डोर-टू-डोर कचरा उठाने की व्यवस्था ही नहीं की गई, बल्कि महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वर्ण जयंती रोजगार योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराया गया. इसके साथ ही गरीबों के लिए वाल्मीकि आवास योजना और बेसिक सर्विस फॉर अर्बन पुअर योजना के तहत आवास मुहैया कराए गए. फुटपाथ दुकानदारों को भी व्यवस्थित तरीके से रोजगार करने के लिए स्थान दिया गया, ताकि वे सम्मान के साथ अपनी आजीविका चला सकें.

राजधानी में अतिक्रमण एक गंभीर समस्या

राजधानी में अतिक्रमण को लेकर पूछे गये सवाल पर रमा खलखो ने कहा कि यह एक गंभीर और संवेदनशील समस्या है. उन्होंने बताया कि पहले भी वर्षों से रह रहे लोगों को उजाड़ने के बजाय उन्हें बसाने का काम किया गया था, जिसका उदाहरण मधुकम और रुगड़ी में बने आवास हैं. उन्होंने चिंता जताई कि खादगड़ा बस स्टैंड के पीछे वर्षों से बसी बस्ती को हाल ही में उजाड़ दिया गया, जबकि पिछले दो साल से नगर निगम परिषद (हाउस) नहीं होने के कारण सभी फैसले अफसरों द्वारा लिए जा रहे थे. उन्होंने कहा कि हाउस बनने के बाद ऐसे मामलों में यह तय किया जाएगा कि विस्थापित लोगों को कहां और कैसे बसाया जाए.

10 साल बाद रमा खलखो चुनावी मैदान में

बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या पर रमा खलखो ने दावा किया कि उनके कार्यकाल के बाद इस्लाम नगर और रातू रोड के नागा बाबा क्षेत्र जैसे इलाकों में जलभराव की समस्या पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में नगर निगम में आपसी खींचतान के कारण विकास कार्य प्रभावित हुए और दो साल से मेयर की सीट खाली रहने से शहर को नुकसान हुआ. रमा खलखो ने कहा कि अगर जनता उन्हें फिर से मौका देती है, तो उनके पास रांची के विकास के लिए एक स्पष्ट और व्यापक विजन है, जिसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाएगा. चुनावी मुकाबले पर उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला जनता के हाथ में है और वही तय करेगी कि शहर की बागडोर किसे सौंपनी है. रमा खलखो पहले भी इस पद पर रह चुकी हैं और करीब दस साल बाद फिर चुनावी मैदान में उतरी हैं.

इसे भी पढ़ें: 

Land Survey: हजारीबाग में 100 से साल से अधर में लटका है भूमि सर्वेक्षण का काम, डीसी को सौंपा गया ज्ञापन

Jharkhand Civic Polls: धनबाद के डीसी-एसपी ने डिस्पैच और रिसीविंग सेंटर का किया निरीक्षण, बारीकी से की जांच

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola