ओरमांझी में हाथियों का तांडव: युवक को कुचलकर ली जान, घर में घुसकर अनाज चट किया; दहशत में ग्रामीण

Updated:
विज्ञापन

हाथियों की झूंड | Prabhat Khabar

ओरमांझी में जंगली हाथियों के झुंड ने मचाया आतंक. युवक की मौत, घर का अनाज रौंदा. ग्रामीणों में दहशत का माहौल. वन विभाग की टीम निगरानी में.

विज्ञापन

रांची : राज्य के अगल-अलग इलाकों में जंगली हाथियों ने लगातार उत्पात मचा रखा है. इसी बीच ओरमांझी में जंगली हाथियों के झुंड ने एक बार फिर इंसानी बस्ती में दहशत फैला दी. सोमवार की रात हाथियों के हमले में इरबा निवासी 35 वर्षीय इफ्तेखार अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए. ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल, इरबा में भर्ती कराया, जहां मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

एक सप्ताह से इलाके में डेरा जमाए था हाथियों का जोड़ा

जानकारी के अनुसार, हाथियों का एक जोड़ा पिछले करीब एक सप्ताह से ओरमांझी और आसपास के इलाकों में घूम रहा था. दोनों हाथी अनगड़ा प्रखंड के साल्हन गांव की ओर से होते हुए ओरमांझी क्षेत्र में दाखिल हुए थे. इसके बाद हाथियों ने रुक्का डैम और स्वर्णरेखा नदी पार की और सोमवार रात करीब 10 बजे चकला हरिजन कॉलोनी के पास पहुंच गए.

हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. लोग मशाल जलाकर हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर भगाने का प्रयास करने लगे. इसी दौरान हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया.

किराये के मकान का दरवाजा तोड़ा, अनाज और सामान रौंद डाले

चकला हरिजन कॉलोनी के पास हाथियों ने अरुण पांडेय के किराये के मकान का दरवाजा तोड़ दिया. घर में रखा जमा अनाज हाथियों ने खा लिया और अंदर रखे कई सामानों को रौंदकर क्षतिग्रस्त कर दिया. हाथियों के इस अचानक हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई. लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलने के बजाय सुरक्षित स्थानों पर छिपने को मजबूर हो गए.

ये भी पढ़ें: रामगढ़: डीजे कॉम्पटिशन देखने के दौरान हादसा, जर्जर मकान का छज्जा टूटने से 10-12 युवक नीचे गिरे

जैविक उद्यान के पास इफ्तेखार पर किया हमला

मकान में तबाही मचाने के बाद हाथियों का जोड़ा वहां से आगे बढ़ गया. इसी दौरान जैविक उद्यान के समीप हाथियों ने इरबा निवासी इफ्तेखार अंसारी पर हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीण तत्काल उन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल, इरबा लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया.

वन विभाग की टीम रख रही हाथियों पर नजर

घटना के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है. इलाके में मौजूद हाथियों के जोड़े की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. ग्रामीणों को भी हाथियों के करीब नहीं जाने और उन्हें खुद भगाने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी जा रही है.

लगातार बढ़ रहा है हाथी-मानव संघर्ष

ओरमांझी और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों की आवाजाही ने एक बार फिर हाथी-मानव संघर्ष का गंभीर मुद्दा सामने ला दिया है. आबादी वाले क्षेत्रों में हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. सोमवार रात की घटना ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि जंगल से निकलकर आबादी में पहुंच रहे हाथियों को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने और ग्रामीणों को समय रहते अलर्ट करने के लिए क्या और प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं. फिलहाल वन विभाग की निगरानी के बीच ग्रामीणों में डर बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: कैमरा ऑन था सामने थी ट्रेन... वायरल होने की चाह में गढ़वा की पूर्णिमा ने गंवाये दोनों हाथ


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola