ePaper

Jharkhand Election 2024: दूसरे चरण में इंडिया गठबंधन के लिए गढ़ बचाने और एनडीए के लिए सीट बढ़ाने की चुनौती, देखें 2019 का प्रदर्शन

Updated at : 18 Nov 2024 7:35 AM (IST)
विज्ञापन
bjp jmm

bjp and jmm

Jharkhand Election 2024 : झारखंड चुनाव के दूसरे चरण में 20 नवंबर को 38 सीटों पर मतदान होने वाले हैं. अगर 2019 की बात करें तो इन 38 सीटों में से 23 सीटें इंडिया गठबंधन के पास थी. वहीं एनडीए के पास 15 सीटें थी.

विज्ञापन

Jharkhand Election 2024, सुनिल कुमार झा(रांची) : झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कुल 38 सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा. इन 38 सीटों में से फिलहाल 23 सीटें इंडिया गठबंधन के पास, जबकि एनडीए के पास 15 सीटें हैं. मौजूदा विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के सामने गढ़ बचाने की चुनौती है, वहीं एनडीए के सामने पिछले चुनाव की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती है.

2019 के चुनाव में दूसरे चरण की 38 सीटों में से झामुमो ने 13 जीती

2019 में हुए चुनाव में इन 38 सीटों में सबसे अधिक 13 सीटों पर झामुमो व 12 सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी. कांग्रेस को आठ, झाविमो व आजसू को दो-दो और माले को एक सीट मिली थी. झाविमो को पोड़ैयाहाट और राजधनवार में जीत मिली थी. पोड़ैयाहाट विधायक कांग्रेस और राजधनवार के विधायक भाजपा में शामिल हो गये थे.

इन 13 सीटों पर झामुमो ने दर्ज की जीत

38 सीटों में से झामुमो ने 13 सीटें जीती थीं. इनमें बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, दुमका, जामा, मधुपुर, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी और टुंडी की सीट शामिल है. बरहेट, शिकारीपाड़ा, लिट्टीपाड़ा और डुमरी में झारखंड गठन के बाद हुए सभी चार चुनावों में झामुमो को जीत मिली है. वहीं, जामा, नाला, टुंडी और महेशपुर में झामुमो को चार में तीन चुनावों में जीत मिली है. दुमका, मधुपुर, गिरिडीह, गांडेय व बोरियो में पार्टी को दो चुनाव में हार, जबकि दो में जीत मिली है.

भाजपा को चार सीट पर पहली बार और पांच पर तीन बार मिली जीत

बीजेपी को पिछले विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण की 38 सीट में से 12 पर जीत मिली थी. इनमें राजमहल, सारठ, देवघर, गोड्डा, मांडू, जमुआ, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद और बाघमारा शामिल है. सारठ, मांडू, चंदनकियारी, निरसा सीट पर पार्टी को पहली बार जीत मिली थी. पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा को पिछले चार चुनावों में से तीन बार जीत मिली है. इनमें राजमहल, गोड्डा, जमुआ, सिंदरी व धनबाद शामिल है. वहीं, बाघमारा, देवघर व बोकारो भाजपा को दो बार जीत और दो बार हार का सामना करना पड़ा है.

आजसू को एक सीट पर तीन बार मिली है जीत

आजसू को पिछले चुनाव में सिल्ली व गोमिया में जीत मिली थी. सिल्ली में राज्य गठन के बाद हुए चार चुनाव में से आजसू को तीन बार जीत मिली है. गोमिया में पहली बार जीत मिली थी.

कांग्रेस को पांच सीटों पर दो बार मिली है जीत

कांग्रेस को जिन आठ सीटों पर जीत मिली थी, उनमें से मात्र एक सीट पर पाकुड़ में तीन बार जीत मिली है. जबकि जरमुंडी, जामताड़ा, महगामा, खिजरी व बेरमो में पार्टी को दो बार जीत और दो बार हार का सामना करना पड़ा है. कांग्रेस को रामगढ़ व झरिया में पहली बार जीत मिली थी.

Also Read: इस सीट पर 44 सालों से JMM कर रही राज, जहां कभी नहीं खिला कमल

विज्ञापन
Kunal Kishore

लेखक के बारे में

By Kunal Kishore

कुणाल ने IIMC , नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा की डिग्री ली है. फिलहाल, वह प्रभात खबर में झारखंड डेस्क पर कार्यरत हैं, जहां वे बतौर कॉपी राइटर अपने पत्रकारीय कौशल को धार दे रहे हैं. उनकी रुचि विदेश मामलों, अंतरराष्ट्रीय संबंध, खेल और राष्ट्रीय राजनीति में है. कुणाल को घूमने-फिरने के साथ पढ़ना-लिखना काफी पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola