Jharkhand Election 2024: झारखंड विधानसभा के अंतिम चरण का मतदान बुधवार को, जानें क्या है सुरक्षा के इंतजाम
Published by : Sameer Oraon Updated At : 19 Nov 2024 10:06 AM
Jharkhand Assembly Election
Jharkhand Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण की वोटिंग बुधवार को होने वाली है. चुनाव प्रचार का शोर अब थम गया है. कल होने वाले मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं.
Jharkhand Election 2024, रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की 38 सीटों पर प्रचार अवधि समाप्त हो गयी है. सोमवार शाम 5:00 बजे से सभी विधानसभा क्षेत्रों में ‘साइलेंट पीरियड’ लागू हो गया है. इस अवधि में प्रत्याशियों या राजनीतिक दलों को प्रचार की अनुमति नहीं होगी. प्रत्याशी केवल डोर-टू-डोर प्रचार कर सकेंगे. दूसरे चरण की 38 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को सुबह 7:00 से शाम 5:00 बजे तक वोट डाले जायेंगे. इस चरण में कुल 1.23 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किये गये हैं. सभी मतदान केंद्रों की लाइव निगरानी की जायेगी.
चुनाव प्रचार के बाहर से पहुंचे नेताओं को जगह छोड़ने का निर्देश
निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रचार के लिए बाहर से पहुंचे नेताओं को तत्काल जगह छोड़ने का निर्देश दिया है. राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने बताया कि मतदान वाले क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए बाहर से गये राजनीतिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को वह जगह तत्काल छोड़नी है. केवल संबंधित क्षेत्र के मतदाताओं को ही वहां रहने की अनुमति है. किसी भी बाहरी व्यक्ति को मतदान वाले क्षेत्र में नहीं रहने देने के संबंध में चुनाव आयोग का स्पष्ट आदेश है. इसे सुनिश्चित करने के लिए संबंधित जिला प्रशासन होटल आदि की भी जांच करेंगे. बाहरी लोगों के मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जायेगी.
Also Read: हेमंत-कल्पना की सभा का लगा शतक, पीएम मोदी के 6 कार्यक्रम
सभी मतदान केंद्रों पर किये गये सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
के रविकुमार ने बताया कि 20 नवंबर को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है. सभी मतदान केंद्रों की लाइव निगरानी की जायेगी. इसके लिए मतदान केंद्र के अंदर और बाहर दो कैमरे लगाये गये हैं. जिला से लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय तक में वेबकास्टिंग के माध्यम से मतदान केंद्रों की लगातार निगरानी की जायेगी. उन्होंने कहा कि मतदान के दिन सभी प्रत्याशियों को मतदान केंद्र के 200 मीटर की परिधि से बाहर कैंप लगाना है. कैंप में पार्टी और प्रत्याशी से जुड़ा कोई पोस्टर, सिंबल आदि नहीं लगाना है. कैंप पर मतदाताओं को सादे कागज पर उनका सीरियल नंबर दिया जा सकता है.
दूसरे चरण में यहां होना है मतदान
राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, मधुपुर, सारठ, देवघर, पोड़ैयाहाट, गोड्डा, महागामा, रामगढ़, मांडू, धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा, सिल्ली व खिजरी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










