रांची के एचईसी सेक्टर-2 में दिनदहाड़े बर्तन दुकान से 2 लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
दुकान में ड्रावर में रखे पैसों को निकालता बच्चा. (सीसीटीवी फुटेज से ली गई तस्वीर.)
रांची के एचईसी सेक्टर-2 में एक बर्तन दुकान से 2 लाख रुपये चोरी हो गए, लेकिन अच्छी बात यह रही कि कुछ ही देर में स्थानीय लोगों की मदद से पूरी रकम बरामद कर ली गई। यह वारदात सीसीटीवी में कैद हुई, जिसमें एक छोटा बच्चा पैसों के साथ नजर आ रहा है।
Ranchi Crime News: झारखंड की राजधानी रांची के एचईसी सेक्टर-2 मार्केट स्थित श्री किचन बर्तन दुकान में रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे दिनदहाड़े दो लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है. राहत की बात यह रही कि चोरी के कुछ ही देर बाद दुकान संचालक ने स्थानीय लोगों की मदद से रुपये बरामद कर लिए. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद इसकी सूचना जगन्नाथपुर थाना पुलिस को दी गई.
चाय पीने निकले थे दुकानदार
दुकान संचालक मनोज कुमार ने बताया कि वह दोपहर करीब 12:30 बजे कुछ देर के लिए दुकान से बाहर चाय पीने गए थे. जब वापस लौटे तो देखा कि कैश काउंटर खुला हुआ है. जांच करने पर पता चला कि ड्रॉवर में रखे दो लाख रुपये गायब हैं. यह रकम उन्होंने महाजन को भुगतान करने के लिए अलग से रखी थी.
सीसीटीवी से खुला चोरी का राज
चोरी की जानकारी मिलते ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई. फुटेज में एक छोटा बच्चा कैश काउंटर से रुपये निकालकर ले जाता दिखाई दिया. इसके बाद आसपास के लोगों ने बच्चे की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में उसका पता चल गया.
झोपड़ी में मिला रुपयों से भरा पॉलीथीन
जानकारी के अनुसार, पैसा चोरी करने वाला बच्चा एचईसी सेक्टर-2 की झोपड़ियों में कुछ अन्य बच्चों के साथ नशा कर रहा था. उसके पास एक पॉलीथीन में चोरी के रुपये रखे मिले. स्थानीय लोगों की मदद से पूरी रकम वापस ले ली गई. मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही बच्चे को वापस भेज दिया गया.
बच्चे की उम्र 9 से 10 साल के बीच
मनोज कुमार ने बताया कि बच्चे की उम्र करीब 9 से 10 साल के बीच है. इसी वजह से उसके साथ किसी तरह की मारपीट नहीं की गई. उनका कहना था कि बच्चा काफी छोटा था और पैसे वापस मिल जाने के बाद उन्होंने उसे छोड़ देना ही उचित समझा.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के 7 जिलों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, शिक्षा विभाग के 58 लिपिकों का तबादला, 134 कर्मचारियों का संवर्ग तय
महाजन को देने के लिए रखे थे रुपये
दुकानदार ने बताया कि हर सोमवार को महाजन बकाया राशि लेने के लिए दुकान पर आते हैं. उसी भुगतान के लिए उन्होंने कैश ड्रॉवर में दो लाख रुपये सुरक्षित रखे थे. कुछ मिनटों की अनुपस्थिति में यह वारदात हो गई. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. उन्होंने बताया कि पैसे वापस मिलने के बाद बच्चे को छोड़ दिया गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए