Jharkhand Breaking News LIVE: तोपचांची में प्रसव के दौरान नवजात की मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
तोपचांची में प्रसव के दौरान नवजात की मौत, लापरवाही का आरोप
तोपचांची : धनबाद अंतर्गत तोपचांची साहूबहियार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सिंहदाहा पंचायत के तेलोडीह गांव की गर्भवती महिला रुपा देवी के प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई. नवजात की मौत के बाद परिवार वालों ने प्रसव के दौरान ड्यूटी में मौजूद चिकित्सक डॉ संध्या तिवारी एवं जीएनएम सोनामुनी पर लापरवाही एवं रुपये मांगने का आरोप लगाया. मृतका की नानी तारा देवी ने बताया कि प्रसव के दौरान बच्ची के सर पर चाकू लग गया. जिसके कारण उसकी मौत हुई है. बाद में मृत अवस्था बच्ची को गंभीर स्थिति बताकर बच्ची के इलाज के लिए धनबाद ले जाने की बात कहकर चिकित्सकों ने हमें दे दिया. जब हमलोग बच्ची को लेकर धनबाद पहुंचे, तो वहां चिकित्सको ने बच्ची को मृत बताया. इसके बाद गुस्साये परिवार वालों ने मृत बच्ची को लेकर स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आरोपी चिकित्सक के खिलाफ धरने पर बैठे गये. वहीं, परिवार वालों ने चिकित्सक के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए तोपचांची थाना में मामला दर्ज कराया है.
टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व कमेटी मेंबर इस्माइल आजाद को मारी गोली

जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व कमेटी मेंबर साकची निवासी इस्माइल आजाद को शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने आजादनगर थाना अंतर्गत चेपापुल के पास गोली मार दी. गोली इस्माइल आजाद के बायें कंधे में लगी है. घटना के बाद कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में मौजूद कांग्रेस नेता हाजी फिरोज खान अपनी गाड़ी में घायल आजाद को इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल लेकर पहुंचे. इस्माइल आजाद को गोली लगने की सूचना पाकर सैकड़ों की संख्या में उनके साथी टीएमएच पहुंच गये. आजाद को जब इमरजेंसी में ले जाया जा रहा था, तो उनके साथ समर्थकों ने भी घुसने का प्रयास किया, तो वहां सुरक्षा गार्ड से बकझक हो गयी. युवक काफी उग्र हो गये. उन्होंने धक्का-मुक्की करनी शुरू कर दी. मौके पर पहुंच कर बिष्टुपुर थाना के दारोगा विकास जायसवाल ने स्थिति को संभाला, लोगों को इमरजेंसी से बाहर किया. घटना की जानकारी मिलने पर मंत्री बन्ना गुप्ता टीएमएच पहुंचे. उन्होंने घायल आजाद से बात की. टीएमएच के वरीय डॉक्टरों से बेहतर इलाज को कहा. इस मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से भी मंत्री बन्ना गुप्ता ने बात कर दिशा-निर्देश दिये.
हजारीबाग के इचाक में हथियार लहरा कर अपराधियों ने लाखों रुपये लूटे
इचाक ( हजारीबाग) : हजारीबाग जिले के इचाक थाना अंतर्गत डुमरौंन श्मसान घाट के समीप चल रहे अवैध जुए अड्डे से अपराधियों ने सात अप्रैल की शाम को धावा बोला और पिस्तौल दिखाकर करीब 10 लाख रुपये लूट कर फरार हो गये. मिली जानकारी के मुताबिक, वहां कई वर्षों से जुआ दोपहर एक से शाम छह बजे हर दिन चलता है. वहां जुआ खेलने के लिए लोग दूसरे प्रखंडों से जुआरी पहुंचते हैं. अपराधियों की संख्या पांच बतायी जा रही है. सभी अपना चेहरा ढके हुए थे. अपराधियों ने अचानक जुआ अड्डा पर पिस्तौल लहराते हुए धावा बोला और जुवारियों से पैसे लेकर फरार हो गये. इस संबंध में थाना प्रभारी धनंजय सिंह से पूछे जाने पर बताया कि वहां पर कई बार इचाक पुलिस टीम द्वारा छापेमारी किया गया है. उस दिन से जुआ वहां बंद है. लूट की घटना की जानकारी नहीं मिली है .
गोमो आरपीएफ ने गलत तरीके से टिकट बनाने के आरोप में एक आरोपी को किया गिरफ्तार
गोमो (बेंक्टेश शर्मा) : गोमो आरपीएफ ने गलत तरीके से रेल टिकट बनाने के आरोप में कतरास के कृष्णा कुमार साव (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर शुक्रवार की शाम आरपीएफ पोस्ट ले आयी है. कतरास पचगढ़ी निवासी योगेंद्र कुमार साव के पुत्र कृष्णा कुमार साव के पास से दो टिकट बरामद हुआ है. वह पूर्व में 17262 रुपये का कुल 16 टिकट बना चुका था. फिलहाल आरपीएफ ने कृष्णा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. उसे शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा. उक्त अभियान इंस्पेक्टर विजय शंकर के निर्देश पर एसआई मिथलेश कुमार के नेतृत्व में चलाया गया.
गढ़वा का श्री बंशीधर महोत्सव स्थगित
गढ़वा के श्रीबंशीधर नगर में आठ और नौ अप्रैल को आयोजित होने वाला श्री बंशीधर महोत्सव स्थगित कर दिया गया है. राज्य सरकार के आदेश पर जिला प्रशासन ने इसे स्थगित करने का आदेश जारी किया है.
सिमडेगा में दो बाइक की टक्कर में दो लोगों की मौत, दो लोग घायल
सिमडेगा: कुरडेग थाना क्षेत्र की हेठमा पंचायत में झरैन मोड़ के पास शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे दो बाइक में जबरदस्त टक्कर हो गयी. घटना में दो व्यक्तियों की मौत हो गयी, जबकि दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये. उदित मिश्रा व अंकित कुजूर की मौत हो गयी, जबकि घायल भीम सिंह व निरंजन तिग्गा का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए