Jharkhand Breaking News LIVE: बोकारो के नावाडीह के थानेदार बने महावीर, सीओ का हुआ ट्रांसफर
Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
बोकारो के नावाडीह के थानेदार बने महावीर, सीओ का हुआ ट्रांसफर
नावाडीह: बोकारो पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी अलोक ने शुक्रवार को नावाडीह थाना प्रभारी मनीष कुमार का स्थानांतरण चास थाना में करते हुए सेक्टर बारह थाना मे पदस्थापित सब इंस्पेक्टर महावीर पंडित को नावाडीह का नये थानेदार के रूप में पदास्थित किया है. इनके आलावे विभिन्न 19 थानों के प्रभारी का भी एसपी ने तबादला किया है. पुलिस अधीक्षक के द्वारा 24 घंटे के अंदर नये पदस्थापित थाना मे योगदान देने का निर्देश मिलते ही नावाडीह के नये थानेदार महावीर पंडित ने देर रात थाना में प्रभारी मनीष कुमार से पदभार ग्रहण कर लिया.
रांची के संकट मोचन हनुमान मंदिर के महंत ने न्यास बोर्ड को लिखा पत्र
रांची: रांची के मेन रोड स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के श्री श्री 1008 श्री महंत महामंडलेश्वर त्यागी बाबा ने न्यास बोर्ड को चिट्ठी लिख कर जवाब मांगा है कि किस अधिनियम, किस कानून का हवाला देकर कमेटी बनायी गयी है और वजह क्या है ? जबकि हनुमान मंदिर में लगातार विकास का काम वर्षों से चल रहा है. मैं 1974 से मंदिर में हूं और 1987 से इस मंदिर का संचालन कर रहा हूं. तब से अभी तक विकास का कार्य कर रहा हूं और मेरा संकल्प अभी तक पूरा नहीं हो पाया है. मंदिर का कार्य प्रगति पर है, जिसको पूर्ण करने में न्यास बोर्ड बाधक बन रहा है. भक्तों की भावना के साथ खेलवाड़ करने का काम न्यास बोर्ड कर रहा है. कई भक्त ऐसे आए जो कि मोटी रकम का हवाला देकर मंदिर में अपना नेम प्लेट लगाने की बात कही, लेकिन मैंने उनको मना किया क्योंकि मैं चाहता था कि मंदिर में किसी को संकोच या अफसोस नहीं हो. मैं नहीं चाहता था कि भक्त की भावना को ठेस पंहुचे. मेरे लिए सभी हनुमान भक्त हैं. सभी एक समान हैं. संकट मोचन हनुमान मंदिर किसी राजनीतिक पार्टी से प्रेरित नहीं है. वर्तमान समय में सरकार मंदिर से राजनीति करना चाहती है, रांचीवासी व झारखंडवासी साक्षी हैं कि मैं मंदिर से बाहर आज तक समाज में चंदा लेने नहीं गया. जो भक्त मंदिर आते हैं, उनके सहयोग से ही मंदिर का विकास का कार्य हो रहा है. मंदिर में पूजा करने वाले भक्त स्वतंत्र हैं. दक्षिणा के लिए मंदिर के पुजारी भक्त से दक्षिणा की मांग नहीं करते हैं. चाहे वाहन पूजा हो या कोई विशेष पूजा हो. मंदिर की अपनी एक मर्यादा है, जिसको वर्तमान सरकार अपनी कूटनीति से भंग करने का प्रयास कर रही है.
दहेज हत्या के आरोप में पति और ससुर को जेल, सास, देवर व देवरानी फरार
महुआटांड़: बोकारो जिले के महुआटांड़ क्षेत्र अंतर्गत बड़कीपुन्नू के अंबाटोला में एक विवाहिता की दहेज हत्या के आरोप में महुआटांड़ थाने में मृतका के मायके वालों की शिकायत पर मृतका के पति, ससुर, सास, देवर और देवरानी के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पति सरयू साव, ससुर बालदेव साव को गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. इस संबंध में थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार ने बताया कि मृतका की सास, देवर और इसकी पत्नी फरार है. जल्द ही इन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा. जानकारी के मुताबिक, चैनपुर (रामगढ़) निवासी लखन साव की पुत्री पूनम की शादी बड़कीपुन्नू अंबाटोला निवासी बालदेव साव के पुत्र सरयू साव के साथ 2018 में हुई थी. बुधवार को पूनम देवी (27 वर्ष) के साथ कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसका शव घर में फंदे से झूलता मिला था. मृतका के पिता व मां ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया और उनके आवेदन के आधार पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया. मृतका का पोस्टमार्टम करवाया गया है. मृतका के दो छोटे बच्चे (पुत्र व पुत्री) हैं. मृतका के मायके वालों ने अविलंब सभी की गिरफ्तारी की मांग की है.
रमो प्रमुख गिरिजा देवी के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव हुआ निरस्त
गांधीनगर: बेरमो प्रमुख गिरिजा देवी के विरोध में पांच पंचायत समिति सदस्यों द्वारा लाया गया अवश्विास प्रस्ताव शुक्रवार को निरस्त हो गया. एसडीएम कार्यालय तेनुघाट में चर्चा के बाद जरूरत पड़ने पर मतदान होना तय हुआ था, परंतु अवश्विास प्रस्ताव में हिस्सा लेने एसडीएम कार्यालय में एक भी पंचायत समिति सदस्य के नहीं पहुंचने से प्रस्ताव निरस्त हो गया. इस संबंध में बेरमो एसडीएम शैलेश कुमार ने कहा कि बेरमो प्रमुख गिरिजा देवी के विरुद्ध कई पंचायत समिति सदस्यों द्वारा अवश्विास प्रस्ताव लाया गया था इसी आलोक में सभी सदस्यों को नोटिस जारी कर परिचर्चा और मतदान के लिए बुलाया गया था.
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को किया निरस्त, बनी रहेंगी प्रमुख
चितरपुर (रामगढ़), सुरेंद्र कुमार/शंकर पोद्दार: चितरपुर प्रखंड की प्रमुख द्रौपदी देवी के खिलाफ पारित अविश्वास प्रस्ताव को राज्य निर्वाचन आयुक्त ने निरस्त कर दिया है. अब वे प्रमुख पद पर बनी रहेंगी. इस संदर्भ में राज्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा शुक्रवार को फैसला सुनाया गया है.
लातेहार से नक्सली संगठन जेजेएमपी का एरिया कमांडर रितेश सिंह गिरफ्तार, भेजा गया जेल
बेतला, संतोष: छिपादोहर पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के एरिया कमांडर रितेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. लातेहार एसपी के निर्देश पर गठित छापामारी टीम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलू लोहारा के नेतृत्व में उग्रवादी को छिपादोहर भट्टी मुहल्ला से गिरफ्तारी की. इस दौरान उसके पास से मैगजीन लगा कार्बाइन हथियार और साथ में नौ एमएम का दो जिंदा कारतूस बरामद किया है. छिपादोहर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी दिलु लोहारा ने बताया कि लातेहार एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी का एरिया कमांडर रितेश सिंह हथियार के साथ घर पहुंचा है. इसी सूचना के आधार पर टीम गठित कर छापामारी अभियान चलाया गया. इस दौरान उसे पकड़ लिया गया. उन्होंने बताया कि रितेश सिंह का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है. छापामारी अभियान में पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी दिलु लोहारा के अलावा पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव , छिपादोहर थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ,पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार राम ,सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार, बीरबल हांसदा सहित छिपादोहर थाना रिजर्व गार्ड व आईआरबी के जवान मौजूद थे.
लेखक के बारे में
By Nutan Kumari
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए