Jharkhand Breaking News LIVE: पाटलीपुत्र हॉस्पिटल में मरीज की मौत पर परिजन व स्वास्थ्यकर्मियों के बीच मारपीट
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
पाटलीपुत्र हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद परिजन व स्वास्थ्यकर्मियों के बीच मारपीट
जोड़ाफाटक रोड स्थित पाटलीपुत्र नर्सिंग सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद परिजनों और अस्पताल के स्टाफ के बीच जमकर मारपीट हुई. करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर में दोनों पक्षें के बीच जमकर लाठी, डंडा चला. इस घटना में दोनों पक्ष से एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए है. जानकारी के अनुसार सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद बोर्रागढ़ के रहने वाले रोशन कुमार महतो (17) को 20 मार्च को पाटलीपुत्र में भर्ती कराया गया था.
करीब पांच लाख रूपये की ठगी करने वाले चार साइबर अपराधी गिरफ्तार
दो अलग-अलग मामले में कोलकाता पुलिस ने गुरूवार को करमाटांड़ व नारायणपुर थाना क्षेत्र के चार साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया. जिसके बाद जामताड़ा कोर्ट में पेश कर चारों साइबर आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड में कोलकाता पुलिस अपने साथ ले गई. पहला मामला कोलकाता के टालीगंज थाना क्षेत्र का है. जहां कोलकाता हाईकोर्ट के एक न्यायिक पदाधिकारी के रिश्तेदार ए. चतुर्वेदी से 50 हजार रूपये ठगी कर लिया था. इस मामले में ए. चतुर्वेदी ने टालीगंज थाना में 3 फरवरी 2023 को मामला दर्ज कराया था.
राज्यपाल पहुंचे धनबाद, अधिकारियों ने किया स्वागत
झारखंड का राज्यपाल बनने के बाद सीपी राधाकृष्णन पहली बार धनबाद आये थे. सर्किट हाउस में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार, उप विकास आयुक्त शशि प्रकाश सिंह ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया. इसके पश्चात राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. राज्यपाल लगभग आधा घंटा तक यहां रूके. उसके बाद सड़क मार्ग से रांची के लिए रवाना हो गये.
देवघर से 32 योजनाओं की सूची ईडी को भेजी गयी
ग्रामीण विकास विभाग के निलंबित पूर्व मुख्य अभियंता बीरेंद्र राम के कार्यकाल में योजनाओं के कार्यों की जांच ईडी कर रही है. मुख्य अभियंता बीरेंद्र राम के कार्यकाल में योजनाओं के टेंडर निष्पादन की जांच के क्रम में देवघर से भी योजाओं की सूची मांगी गयी थी, देवघर से कुल 32 योजनाओं की सूची ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से ईडी को भेजी गयी है. इसमें 30 लाख रुपये से लेकर 11 करोड़ रुपये की पुल-पुलिया व राज्य संपोषित योजना की सड़कें है.
धनबाद में ग्लाइडर हुई दुर्घटनाग्रस्त, दो घायल
धनबाद के बरवाअड्डा एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद ग्लाइडर बिरसा मुंडा पार्क के पास एक घर से टकरा गया. घटना में ग्लाइडर के पायलट कैप्टन बलवंत, उसमें सवार कुश कुमार घायल हो गये हैं. हालांकि, दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है.
जयराम महतो को पुलिस ने शाम को किया रिहा, अब राजभवन तक पैदल मार्च की तैयारी
विधानसभा के पास धरना-प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिये गये युवा नेता जयराम महतो को रिहा कर दिया गया. इसके बाद झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन ने प्रतिकार पैदल मार्च की घोषणा की है. कहा है कि विधानसभा परिसर से राजभवन गेट तक ये छात्र मार्च करेंगे. हालांकि, पुलिस ने इन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया है. इस बीच, सोशल मीडिया पर दिन भर जयराम महतो को रिहा करो की मांग होती रही.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए