Live Updates

Jharkhand Breaking News: दुमका के गोडमाला गांव में 11 हाथियों के झुंड ने डाला डेरा, फसलों को किया नष्ट

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…

विज्ञापन

दुमका के गोडमाला गांव में 11 हाथियों के झुंड ने डाला डेरा, फसलों को किया नष्ट

Jharkhand Breaking News: दुमका के गोडमाला गांव में 11 हाथियों के झुंड ने डाला डेरा, फसलों को किया नष्ट

दुमका : मसलिया प्रखंड के गोड़माला गांव में 11 जंगली हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है. इस झुंड ने बुधवार को विभिन्न इलाके में फसल को नुकसान पहुंचाया, पर जान-माल को कोई क्षति नहीं पहुंचायी है. मंगलवार रात को गोड़माला गांव में जंगली हाथियों केे झुंड ने पहुंच कर फसल को नष्ट किया. जंगली हाथियों के इस झुंड ने इससे पहले दुधानी गांव में फसल को रौंद दिया था. मसलिया क्षेत्र में यह झुंड पिछले तीन दिनों से डेरा डाले हुए है और आसपास भटक रहा है. तरणी पहाड़ की ओर से उतरकर रात को गोड़माला पहुंचे इन हाथियों ने गांव के किसान अजीत मिर्धा के एक बीघा जमीन पर लगायी गयी आलू की फसल को बरबाद किया है. वन विभाग के टीम गोड़माला पहुंच कर और वहां से जंगली हाथियों को निकालने में लगी रही. शाम के वक्त यह झुंड बेलियाजोर जंगल की ओर रवाना हुआ. वन विभाग के कर्मी सुधांशु दर्वे ने बताया कि वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड को घने जंगल की ओर भगाने का प्रयास कर रही है. ग्रामीणों से वन विभाग की टीम ने अपील की है कि वे पटाखे फोड़कर,पत्थर मार कर या तीर चलाकर हाथियों के झुंड को उत्तेजित नही करें. हाथियों का झुंड शांत है. हाथियों के सामने उपद्रव मचाकर उसे उतेजित न करें.

देवघर में भी होगा जी-20 शिखर सम्मेलन, 15 देशों के डेलीगेट लेंगे भाग

देवघर : झारखंड में रांची के बाद देवघर में भी जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन होगा. जी-20 सम्मेलन में 15 देशों के डेलीगेट भाग लेंगे. इसमें यूएस, यूके, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन समेत यूरोप के अन्य देशों के डेलीगेट भाग लेंगे. इस बात की जानकारी गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने दी. सांसद डॉ दुबे ने बताया कि जी-20 सम्मेलन देश के 200 शहरों में होना है. झारखंड में सह सम्मेलन केवल रांची में निर्धारित थी, लेकिन भारत सरकार ने रांची के साथ-साथ बाबा की नगरी देवघर में भी अप्रैल में जी-20 का संभावित सम्मेलन तय की गयी है. देवघर में डिजिटल इंडिया पर कॉन्क्लेव होगा. सम्मेलन में भाग लेने वाले डेलीगेट आईटी सेक्टर के होंगे. इसमें विदेश की कई आईटी कंपनियों के प्रमुख भी भाग लेंगे. आईटी पर आधारित इस सम्मेलन से संताल परगना में आईटी सेक्टर में निवेश के साथ-साथ युवाओं के रोजगार की संभावना भी बढ़ सकती है. इस क्रम में जसीडीह सॉफ्टवेयर टेक्नोलॅजी पार्क के सहायक निदेशक सिद्धार्थ रॉय ने गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे से मुलाकात कर देवघर में होने वाले जी-20 सम्मेलन की रुपरेखा पर चर्चा की.

सिमडेगा के केलाघाघ डैम के जंगल में लगी आग, दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची

Jharkhand Breaking News: दुमका के गोडमाला गांव में 11 हाथियों के झुंड ने डाला डेरा, फसलों को किया नष्ट

सिमडेगा : शहरी क्षेत्र से तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित केलाघाघ डैम परिसर के जंगल क्षेत्र में आग लग गई. आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी है. लेकिन, आग धीरे-धीरे फैल रही है. पहाड़ी के ऊपर सूखी झाड़ियां और छोटे-छोटे पौधे आग में जलकर पूरी तरह से नष्ट हो चुके हैं. वहीं, कई छोटे जीव-जंतु को भी नुकसान पहुंचा है. ऐसा माना जा रहा है कि केलाघाघ परिसर में स्थित डंपिंग यार्ड से आग धीरे-धीरे पहाड़ी में फैल गई.

सिमडेगा के कोलेबिरा में फौजी की पत्नी की गोली मारकर हत्या

सिमडेगा : कोलेबिरा थाना क्षेत्र के शाहपुर कोंबेकेरा गांव में अज्ञात अपराधियों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान शाहपुर कोंबेकेरा निवासी 26 वर्षीय किरण देवी के रूप में हुई है. वह थल सेना में कार्यरत जवान सुरेंद्र महतो की पत्नी थी. जानकारी के मुताबिक, दो बाइक पर सवार चार लोग किरण देवी के घर पहुंचे और घर का दरवाजा तोड़ कर घर के अंदर प्रवेश कर गये. इसके बाद किरण देवी जिस कमरे में सोयी थी उसका भी दरवाजा तोड़ कर कमरे घुस कर किरण देवी को गोली मार दी. जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी फरार हो गये. परिजनों द्वारा घटना की जानकारी कोलेबिरा पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेज दिया.

साहिबगंज में हत्या मामले में एक दोषी को उम्र कैद की सजा, 10 हजार का जुर्माना

साहिबगंज : हत्या के मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने दीपक कुमार चौधरी को दोषी पाकर उम्र कैद की सजा सुनायी है. जानकारी के अनुसार, साहिबगंज नगर थाना क्षेत्र के पुरानी साहिबगंज नया टोला मोहल्ले की सूचिका ने आरोप लगाया है कि आरोपी दीपक कुमार चौधरी उसके घर उसकी पुत्री को ट्यूशन पढ़ाने के लिए आता था. लेकिन, उसका हावभाव और नीयत अच्छा नहीं रहने के कारण उसे ट्यूशन पढ़ाने से मना कर दिया गया. जिस बात पर वह काफी नाराज हो गया और उसकी पुत्री का फोटो मांगने लगा. शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि ट्यूशन का 22 हजार रुपये बकाया था. जिसका तगादा करने वह आया था. घर पर जब शिकायतकर्ता के पति पंकज मंडल आये, तो आरोपी दीपक कुमार चौधरी अपने एक मित्र के साथ रुपये का तगादा करने के लिए आवाज दिया. जिस पर सूचिका के पति नीचे रुपये देने गये. इसी बीच अचानक पिस्तौल से उस पर फायर कर दिया. गोली पंकज मंडल के सीने में लगी. जिसे अस्पताल इलाज के लिए ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. सुनवाई के बाद जिला जज तृतीय ने आरोपी दीपक कुमार चौधरी को हत्या के आरोप में श्रम आजीवन कारावास व 10 हजार जुर्माना तथा आर्म्स एक्ट में भी उम्र कैद एवं 10 हजार जुर्माना भी लगाया गया है.

रांची के नामकुम में 21 दिन से लापता युवक का शव कुएं से बरामद

नामकुम : रांची जिले के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित तुम्बागुटु करमटोली निवासी 18 वर्षीय अंकित नायक का शव पुलिस ने गांव के समीप बने अर्धनिर्मित घर में बने कुएं से बरामद किया है. अंकित सिकंदर नायक का बेटा था. वह 25 जनवरी से लापता था. अंकित के पिता ने बेटे के गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी जिसके आधार पर पुलिस छानबीन कर रही थी. बुधवार को शव होने की सूचना परिवार वालों को मिली जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस की मौजूदगी में शव बाहर निकाला गया है. मौत का कारण आत्महत्या है या हत्या स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट होगा. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है. सूत्रों की मानें, तो मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola