Live Updates

Jharkhand Breaking News: पलामू में चैनपुर के शिक्षक योगेंद्र तिवारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News LIVE Updates: झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…ऐसे ही तमाम खबरों के लिए पढ़ें. आज नयी दिल्ली में बोनस को लेकर एनजेसीएस की तीसरी बैठक होने वाली है. पश्चिमी सिंहभूम में डूबे दो छात्रों की तलाश जारी है.

विज्ञापन

पलामू में चैनपुर के शिक्षक योगेंद्र तिवारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मेदिनीनगर : पलामू जिला अंतर्गत चैनपुर थाना क्षेत्र के भड़गावा मध्य विद्यालय के शिक्षक योगेंद्र तिवारी को मनिका पुलिस ने गत 25 सितंबर को गिरफ्तार किया है. इसकी सूचना उक्त विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभु राम ने डीएसइ कार्यालय को 10 अक्टूबर को दिया है. जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ. इस संबंध में चैनपुर थाना की पुलिस ने बताया कि 15 दिन पूर्व भड़गांवा स्कूल से ही मनिका पुलिस शिक्षक को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी. चैनपुर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि शिक्षक के विरुद्ध मनिका थाना की पुलिस वारंट लेकर आयी थी. मनिका थाना प्रभारी शुभम कुमार ने बताया की शिक्षक योगेंद्र तिवारी मनिका के बृज बिहारी यादव से दो लाख रूपये किसी काम को लेकर लिया था. लेकिन, शिक्षक योगेंद्र तिवारी पैसा नहीं लौटा रहा था जिसके बाद बृज बिहारी यादव ने मनिका थाना में केस दर्ज कराया है. पलामू के जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि योगेंद्र तिवारी की गिरफ्तारी के बारे में 10 अक्टूबर को वहां के प्रधानाध्यापक ने सूचना दी है. उन्होंने बताया कि थाना से रिपोर्ट मांगी गयी है. रिपोर्ट आने के बाद 25 सितंबर के प्रभाव से ही शिक्षक को निलंबित कर दिया जायेगा. साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी चलायी जायेगी.

पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में पाइप और छड़ चोरी करता बंगाल का युवक पकड़ाया

चाकुलिया : पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत नगर पंचायत कार्यालय के समीप सुगनीबासा पुराना पंचायत भवन से लोहे की पाइप और छड़ चोरी करते एक युवक को नगर पंचायत कर्मी द्वारा पकड़ा गया. पकड़ा गया आरोपी मो रज्जाक खान पश्चिम बंगाल स्थित वर्धमान का निवासी है. सूचना मिलते ही एसआई अभय कुमार दल-बल के साथ स्कूल पहुंचे तथा आरोपी मो रज्जाक खान को हिरासत में लिया. रज्जाक एक अन्य युवक के साथ मिलकर पुराना पंचायत भवन से लोहे के सामान की चोरी कर रहा था. पूछताछ के क्रम में आरोपी ने कबूल किया है कि एक व्यक्ति के बुलाने पर वह यहां आया है. लोहे के सामानों की चोरी कर एक स्थानीय स्क्रैप टाल में बेचता है. फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. बता दें कि करीब तीन माह पूर्व इसी पुराने पंचायत भवन परिसर से चापाकल के पुराने 800 पाइप की चोरी हुई थी. उस दौरान भी नगर पंचायत कर्मियों द्वारा चोर को पकड़ा गया था. जिसमें पकड़े गए चोर ने स्थानीय स्क्रैप गोदाम में चुराए गए सामग्रियों को बेचने की बात कही थी.

सिमडेगा में 8500 विद्यार्थियों ने साइबर जागरूकता अभियान में लिया भाग

सिमडेगा (रविकांत साहू) : जिला मुख्यालय में साइबर अपराध जागरूकता अभियान के तहत प्रथम चरण में जिले के सभी थाना क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली गई. जिसमें जिले के कुल 44 चयनित स्कूलों के 8500 विद्यार्थियों ने भाग लिया. जिला मुख्यालय में निकाली गयी प्रभात फेरी गांधी मैदान से केलाघाघ मोड़ होते हुए अल्बर्ट एक्का स्टेडियम पहुंची. यहां शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. इस मौके पर डीसी आर रॉनिटा एवं एसपी सौरभ कुमार ने साइबर जन जागरूकता अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी सौरभ कुमार ने कहा कि बच्चों को साइबर अपराध तथा इससे बचाव के संबंध में जानकारी होनी चाहिए. उन्होंने आम लोगों से आह्वान किया कि परिवार सहित अपने आसपास के लोगों को साइबर अपराध से बचने की जानकारी पहुंचाएं, ताकि साइबर अपराध पर नियंत्रण पाया जा सके.

कोडरमा के चंचाल में चार अवैध क्रेशर ध्वस्त

मरकच्चो : कोडरमा डीसी आदित्य रंजन के निर्देश पर गठित जिला खनन टास्क फोर्स ने सोमवार को नवलशाही थाना क्षेत्र के मारुति चौक के समीप एवं डोमचांच थाना क्षेत्र के चंचाल के आसपास संचालित क्रेशर मंडी में छापेमारी की. इस दौरान अवैध रूप से संचालित मिले चार क्रेशर इकाइयों को ध्वस्त किया गया. कार्रवाई के दौरान पिछले कई वर्षों से अवैध रूप से संचालित क्रेशर कार्यालय और अन्य संरचनाओं पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया. कार्रवाई से पूर्व गठित टास्क फोर्स भारी संख्या में पुलिस बल के साथ उक्त जगह पर पहुंची. मारुति चौक के पास ध्वस्त किया गया क्रेशर खरखार निवासी बच्चू राम का बताया जा रहा है, जबकि चंचाल के पास ध्वस्त किए गए क्रेशर यूनिट के संचालकों की पहचान की जा रही है. छापामारी दल में डीएमओ दरोगा राय, रेंजर रवींद्र कुमार सिंह, एसआई रंजीत कुमार, इरशाद अहमद समेत अन्य शामिल थे. वहीं, इस मौके पर वनपाल ललन किशोर, वनरक्षी इस्लाम अंसारी समेत सशस्त्र पुलिस बल के जवान मौजूद थे.

देवघर के कन्हाईडीह में दामाद ने ससुर पर किया जानलेवा हमला

मधुपुर (देवघर) : बुढ़ैई थाना क्षेत्र के कन्हाईडीह में प्रकाश यादव पर उसके दामाद नारायण महतो ने जानलेवा हमला कर घायल कर दिया. घटना को लेकर घायल ससुर ने दामाद के खिलाफ थाना में मामला दर्ज कराया है. घायल प्रकाश यादव ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पुत्री सरस्वती देवी की शादी वर्ष 2014 में मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के बेहरापहड़ी निवासी नारायण महतो के साथ कराया था. बेटी को दो बच्चा भी है. इधर, दामाद बेटी को हमेशा परेशान और मारपीट किया करता था. बताया कि पिछले नौ अक्टूबर की शाम दामाद नारायण महतो कन्हाईडीह स्थित घर पहुंचकर बेटी की विदाई करने की बात कहा. उसी दिन एक विवाद के निपटारे के लिए ग्रामीणों को पंचायत के लिए बुलाया था. दामाद को पंचायत के बाद बेटी विदाई करने की बात कही. इस बात को सुनकर दामाद पूरी तरह आक्रोशित हो गया और उसे जमीन में पटक दिया. जिससे उसे गंभीर चोट आयी. आरोपी दामाद को ग्रामीण पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपी नारायण महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

राची के रातू से लापता नाबालिग का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

रांची : रातू दक्षिणी बड़का टोली निवासी रंजीत राम का 13 वर्षीय पुत्र यथार्थ कुमार का शव एक डोभा से बरामद हुआ है. यथार्थ शनिवार (आठ अक्टूबर, 2022) से लापता था. सोमवार को रातू थाना क्षेत्र के कांटू लहना ग्राम स्थित एक डोभा से बरामद किया गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है. वहीं, जांच पड़ताल भी शुरू कर दी है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola