Jharkhand Breaking News: नयी दिल्ली के विश्व पुस्तक मेले में रामगढ़ के डॉ ऋषि तिवारी की पुस्तक उपलब्ध
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
नयी दिल्ली के विश्व पुस्तक मेले में रामगढ़ के डॉ ऋषि तिवारी की पुस्तक उपलब्ध

रामगढ़ : रामानगर मरार निवासी डॉ ऋषि राज तिवारी (पिता स्वर्गीय बैजू तिवारी) लिखित टिल दि किंगडम कम्स दि पज्जल को नयी दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित विश्व पुस्तक मेले में लोकार्पण कर बिक्री के लिए रखा गया है. पुस्तक तीन खंड में प्रकाशित होगी. साथ ही एमेजॉन पर भी पुस्तक का पहला खंड बिक्री के लिए जारी कर क दिया गया है. इस संबंध में डा तिवारी ने बताया कि पुस्तक हर आयु वर्ग के लोगों को पसंद आयेगी. किताब में धार्मिक, ऐतिहासिक एवं विश्व की विभिन्न सभ्यताओं का प्रभाव एवं भारत के साथ रिश्ते को उद्धृत करते हुए भारत के महत्व को दर्शाया गया है. डा ऋषि राज तिवारी 12वीं तक की शिक्षा अग्रसेन डीएवी भरेचनगर में पूरी की है तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर की शिक्षा संत जेवियर कॉलेज, रांची से प्राप्त की है. वर्तमान में वे बंगलोर में शिक्षण कार्य से जुड़े हुए हैं. डा तिवारी की पुस्तक के लोकार्पण पर अग्रसेन डीएवी के पूर्व प्राचार्य मनोज मिश्रा, बसंत हेतमसरिया, डॉ रजनी गुप्ता, जगजीत सिंह सोनी, बलराम सिंह, डॉ लियो ए सिंह, डॉ शारदा प्रसाद समेत अन्य गण्यमान्य लोगों ने बधाई दिया है.
देवघर के दवा व्यवसायी विनोद वाजपेयी हत्याकांड के दोषी को उम्रकैद
देवघर : शहर के दवा व्यवसायी विनोद वाजपेयी चर्चित हत्याकांड में एडीजे नवम विजय कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने इस कांड के मुख्य अभियुक्त केशव दुबे को उम्रकैद की सजा सुनायी. साथ ही 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया, जो राशि मृतक के परिजन को देय होगी. अगर उक्त राशि को देने में अभियुक्त असमर्थ होता है, तो अलग से एक साल की साधारण सजा जेल में ही काटनी होगी. अभियुक्त जसीडीह थाना के तिवारीडीह गांव का रहने वाला है. इस कांड के अन्य चार आरोपियों बबन कुमार उर्फ ऋत्विक महरा, सोनू यादव उर्फ छोटू, कन्हैया सिंह उर्फ अंकुश राज एवं ऋषभ राज उर्फ ऋषभ केशरी को संदेह का लाभ देते हुए आरोपों से मुक्त कर दिया गया. अदालत ने इन चारों की हत्या में संलिप्तता नहीं पायी, जिसके चलते राहत मिल गयी. मृतक विनोद वाजपेयी के भाई सुमन कुमार वाजपेयी के लिखित बयान पर नगर थाना में 9 दिसंबर, 2018 को यह मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें गोली मारकर हत्या का आरोप लगाया गया था. मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष से 16 लोगों ने घटना के समर्थन में गवाही दी एवं एक अभियुक्त को दोषी करार देने में सफल हुए.
देवघर और मधुपुर में सीएनजी स्टेशन तैयार, जल्द होगा चालू
देवघर : पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से राहत के लिए देवघर और मधुपुर में तीन सीएनजी स्टेशन से तैयार हो गया है. सीएनजी स्टेशन से गाड़ियों में सस्ती दरों पर गैस मिलेगी. इससे गाड़ियां गैस से चलेगी. देवघर में सीएनजी का दो रिटेल आउट लेट बनाया गया है. इसमें कुंडा स्थित भारद्वाज पेट्रोल पंप और जसीडीह मानिकपुर स्थित जुबली पेट्रोल पंप में सीएनजी स्टेशन बना है, जबकि मधुपुर में लॉ-ओपोला रोड स्थित पेट्रोल पंप में सीएजी स्टेशन बना है. तीनों सीएनजी स्टेशन में गैस सिलिंडर, नोजल, पाइप एवं मशीनों को इन्सटॉल कर दिया गया है. अप्रैल तक तीनों सीएनजी स्टेशनों से ग्राहकों को गैस वितरण शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. सीएनजी से गाड़ियां चलाने के लिए सीएनजी किट लगाने पड़ते हैं, इससे सस्ते दरों पर सीएनजी से लंबी दूरी का सफर किया जा सकता है. कई चार पहिया वाहनों की कंपनियां इन दिनों सीएनजी की गाड़ियों को मार्केट में उतारा है. नवंबर में देवघर आये आइओसीएल के कार्यकारी निदेशक एसके झा व जीएम शैलेश कुमार सिंह ने देवघर में गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे की उपस्थिति में सीएनजी स्टेशन के काम का टाइमलाइन तय किया था. अप्रैल से तीनों पेट्रोल पॅम्प में सीएनजी की सुविधा चालू करने का लक्ष्य है. शुरुआत में देवघर में अभी आइओसीएल पेट्रोल पम्प में सीएनजी स्टेशन खुले रहे हैं, डिमांड बढ़ने पर अन्य कंपनियों के पेट्रोल पम्प में सीएनजी स्टेशन खोलने का लक्ष्य भारत सरकार का है.
G20 की बैठक में शामिल होने नीति आयोग के सदस्य डॉ वीके सारस्वत भी पहुंचे रांची
रांची : जी 20 की बैठक में शामिल होने अतिथियों का आना जारी है. बुधवार की देर शाम नीति आयोग के सदस्य डॉ वीके सारस्वत भी रांची पहुंचे. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर अतिथियों के आने पर उनका जोरदार स्वागत हुआ. इनके अलावा सऊदी अरब से डॉ एमन मोहम्मद अल्हूजिमि, यूके से पीयर्स पुरडे और सुनील कुमार, फ्रांस से डयडियर रोबिसोन, तुर्की से तस्लीम गुलिस, यूएई से अमेल ऐब्डाला मोहम्मद, मिस बुथैनि अलबस्तकी और इंडोनेशिया से ऑल्ड्रिन हेरवानेय सहित आईएसए से सबा कलाम, आईआईटी मद्रास के प्रो पद्मश्री डॉ अशोक झुनझुनवाला, डीबीटी के सचिव एस चंद्रशेखर, डीएसआईआर एंड डीजी सीएसआईआर के सचिव डॉ एन कलैसेलवी भी रांची पहुंचे.
धनबाद के तोपचांची में वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक की मौत
तोपचांची : धनबाद जिला अंतर्गत तोपचांची थाना क्षेत्र के वाटर बोर्ड मोड़ के समीप फ्लाईओवर पर डुमरी से तोपचांची की ओर आ रहे एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गये. इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई. वहीं, दूसरे युवक की इलाज के दौरान प्राइवेट हॉस्पिटल में मौत हो गई. मथुरा महतो के पुत्र 32 वर्षीय टीपन महतो और 28 वर्षीय शंकर महतो के पुत्र सेनापति महतो टीपन के छोटे भाई की शादी का कार्ड देने गये थे. डुमरी से लौटते समय दुर्घटना हुई. हेलमेट नहीं पहनने की वजह से सर में गंभीर चोट आयी और अधिक खून बहने के कारण मौत हो गई. बताया गया कि अगले गुरुवार को टीपन के छोटे भाई की शादी है, वहीं सेनापति के चचेरे भाई के बेटे की शादी का प्रीतिभोज बुधवार को है.
पानी की समस्या को लेकर पाकुड़ के नवाडीह गांव में घंटों सड़क जाम
लिट्टीपाड़ा : पाकुड़ जिला अंतर्गत नवाडीह गांव के समीप पानी की समस्या से नाराज ग्रामीणों ने बाल्टी और बर्तन लेकर घंटों सड़क जाम किया. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. जदयू के प्रखंड अध्यक्ष मरकुस सोरेन के नेतृत्व में नावाडीह, जोबोडीह, मुर्गाबानी, तिरकोणी आदि गांवों के दर्जनों महिला-पुरुष सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे थे. कहा कि गर्मी के दस्तक देते ही सैकड़ों गांवों में पेयजल की घोर समस्या उत्पन्न हो गयी है. लोग मिलों दूर से पानी लाने को मजबूर हैं. गांवों में कुआं एवं तालाब सूख चुके हैं. वहीं, चापानल अब जवाब देने लगा है. लिट्टीपाड़ा में 217 करोड़ की ग्रामीण पेयजलापूर्ति योजना हाथी का दांत साबित हो रहा है. क्षेत्र की समस्या दूर करने को लेकर न तो विधायक और न ही सांसद गंभीर हैं. प्रखंड से लेकर जिला तक आवेदन देकर थक चुके हैं पर किसी प्रकार की सुनवाई नहीं हो रही है. सड़क जाम की सूचना मिलते ही थाने के एसआई विकास कुमार, प्रभारी बीपीआरओ केसी दास मौके पर पहुंचे. सड़क जाम कर रहे लोगों को काफी समझाने व गांवों में चापाकल की मरम्मत का लिखित आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों ने तीन घंटे बाद जाम को हटाया. सड़क जाम करने वालों में बाबूधन मरांडी, शिखर मुर्मू, मारांमय सोरेन, शिबू सोरेन, मुन्नी टुडू, दिनेश पहाड़िया, संझली टुडू, तालामय किस्कू आदि थे.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए