Jharkhand Breaking News: जामताड़ा में पूर्व बैंक मैनेजर अखिलेश कुमार सहित तीन पर गबन का मामला दर्ज
Jharkhand Breaking News: जामताड़ा में भारतीय स्टेट बैंक के बिंदापाथर शाखा के पूर्व शाखा प्रबंधक अखिलेश कुमार सहित तीन पर 7 लाख 56 हजार 500 रुपये गबन करने का मामला वर्तमान शाखा प्रबंधक ने बिंदापाथर थाने में दर्ज कराया है. रांची के सांसद संजय सेठ ने आज शुक्रवार को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस क्रम में सांसद ने उन्हें हाल की गतिविधियों से अवगत कराया. झारखंड की सभी छोटी-बड़ी खबरों के लिए बने रहें प्रभात खबर के साथ…
पूर्व बैंक मैनेजर अखिलेश कुमार सहित तीन पर गबन का मामला दर्ज
जामताड़ा, उमेश कुमार. भारतीय स्टेट बैंक के बिंदापाथर शाखा के पूर्व शाखा प्रबंधक अखिलेश कुमार सहित तीन पर 7 लाख 56 हजार 500 रुपये गबन करने का मामला वर्तमान शाखा प्रबंधक ने बिंदापाथर थाने में दर्ज कराया है. एसबीआई के शाखा प्रबंधक मुकेश प्रसाद के आवेदन पर बिंदापाथर थाने में थाना कांड संख्या 16/2023 अंकित करते हुए भादवि की धारा 409, 420 एवं 34 के तहत बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक अखिलेश कुमार, कैशियर परमेश्वर उरांव व एटीएम केयर टेकर रंजीत मंडल को रुपये गबन का आरोपित बनाया है.
जैप-5 के 40 पुलिसकर्मियों को फूड प्वाइजनिंग, 18 पुलिसकर्मी एडमिट
देवघर, आशीष कुंदन. जैप-5 की बी कंपनी मेस में पुलिसकर्मियों ने गुरुवार रात को रोटी, सेवई व आलू की सब्जी खायी. इसके कुछ ही देर बाद करीब 40 पुलिसकर्मियों को पेट में दर्द के साथ दस्त शुरू हो गयी. पहले कैंप में ही उनलोगों को दवा देकर देखा गया, किंतु स्थिति नहीं संभली तो करीब 26 पुलिसकर्मियों को देर रात ढाई बजे के बाद सदर अस्पताल लाया गया. इनमें से कई पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार कर दवा देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी, किंतु गंभीर हालत वाले 18 पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कर स्लाइन चढ़ायी गयी.
बीआईटी लालपुर में ई-वेस्ट मैनेजमेंट पर प्रतियोगिता, विजेता हुए पुरस्कृत
रांची: बीआईटी मेसरा एक्सटेंशन सेंटर लालपुर में शुक्रवार को ई-वेस्ट मैनेजमेंट विषय पर पोस्टर और मॉडल प्रतियोगिताओं आयोजित की गयी. रांची नगर निगम और हुलादेक रीसाइक्लिंग कंपनी, कोलकाता ने ई-वेस्ट और पर्यावरण संरक्षण के विषयों पर प्रकाश डाला. रांची में सबसे पहले बीआईटी लालपुर के द्वारा इस विषय पर पहल की गयी है. रांची नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि इस पहल को वे बीआईटी लालपुर के साथ मिलकर एक मॉडल के रूप में आगे बढ़ाएंगे. प्रतियोगिता के विजेताओ को रांची नगर निगम और हुलादेक के द्वारा पुरस्कृत किया गया. बीआईटी लालपुर की डायरेक्टर डॉ वंदना भट्टाचार्जी और रांची नगर निगम के शहर प्रबंधक रुपेश रंजन व सहायक पब्लिक हेल्थ ऑफिसर किरण कुमारी समेत अन्य मौजूद थे. कार्यक्रम के संयोजक डॉ आशुतोष मिश्रा और विद्यार्थियों में अरुणिमा, शिवम, पूजा, ज़ाहिद, सिमरन, उल्लेख और अर्चिता ने हिस्सा लिया.
पीएम मोदी से मिले सांसद संजय सेठ, सांसद खेल महोत्सव, टॉय बैंक व बुक बैंक की पीएम ने की तारीफ
रांची : रांची के सांसद संजय सेठ ने आज शुक्रवार को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस मुलाकात के क्रम में सांसद ने उन्हें हाल की गतिविधियों से अवगत कराया. सांसद ने परीक्षा पे चर्चा से पूर्व बच्चों के लिए हुई ड्राइंग प्रतियोगिता से अवगत कराते हुए पुरस्कृत पेंटिंग्स को प्रधानमंत्री को दिखाया. प्रधानमंत्री ने बच्चों के द्वारा की गयी पेंटिंग्स की खूब सराहना की.
सीएम हेमंत सोरेन ने किया झारनियोजन पोर्टल का उद्घाटन
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के स्थानीय उम्मीदवारों के नियोजन अधिनियम 2021 एवं नियमवाली 2022 के क्रियान्वयन को लेकर झारनियोजन पोर्टल का उद्घाटन किया.
लातेहार में टीपीसी का सब जोनल कमांडर गिरफ्तार
लातेहार. टीपीसी का सब जोनल कमांडर कुलदीप मेहता उर्फ बिकेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. एसपी अंजनि अंजन ने यह जानकारी दी है. एसपी ने बताया की कुलदीप पूर्व मे मावो वादी संगठन मे था. वर्ष 2016 मे सरेंडर किया था. एक साल के बाद जेल से निकला और 2022 मे टीपीसी के रौशन के संपर्क मे आकर संगठन मे शामिल हो गया था. कुलदीप के खिलाफ लातेहार और बालु बालुमाथ थाना मे कई मामले दर्ज है.
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए