Jharkhand Breaking News LIVE: गुमला से तीन अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार
Jharkhand Breaking News live Updates: भारत का 28वां राज्य है झारखंड. इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
अनगड़ा में बिजली मिस्त्री की मौत
रांची (जीतेंद्र) : रांची के अनगड़ा में बिजली के खंभे से गिरने से (बगैर सुरक्षा उपकरण के काम कर रहे) रामदगा के बिजली मिस्त्री पंकज मुण्डा (25 वर्ष) की मौत हो गई. दुर्घटना उषा मार्टिन विवि अनगड़ा के पास सोमवार शाम हुई. बताया जाता है कि रामदगा गांव के करीब एक दर्जन युवक उषा मार्टिन विवि अनगड़ा के लिए अलग से ग्यारह हजार वोल्ट तार खींचने का काम कर रहे थे. पंकज पोल पर चढ़कर काम कर रहा था. इसी बीच अचानक तार में करंट प्रवाहित हो गई. इस झटके से पंकज पोल से नीचे जमीन पर आ गिरा. सभी साथी पंकज को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे. रास्ते में ही पंकज की मौत हो गई.
तीन अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
गुमला (दुर्जय पासवान) : गुमला के सिसई प्रखंड के पुसो थाना क्षेत्र से पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इन अपराधियों के पास से भारी मात्रा में हथियार भी मिला है. इन अपराधियों को पुसो थाना की पुलिस और लोहरदगा पुलिस ने संयुक्त अभियान के बाद पकड़ा गया है. अभी अपराधियों को थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है. साथ ही इन अपराधियों की निशानदेही पर कुछ अन्य ठिकानों पर देर रात को छापामारी की गयी.
शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की तबीयत बिगड़ी, चेन्नई शिफ्ट
रांची (राजीव पांडेय) : झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की तबीयत साेमवार को विधानसभा के मॉनसून सत्र के दौरान अचानक खराब हो गयी. घबराहट और बेचैनी के बाद उनको नजदीक के अस्पताल एचइसी-पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया. शिक्षा मंत्री की तबीयत खराब हाेने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. वह दोपहर और शाम दोनों वक्त पारस अस्पताल गये. एमजीएम चेन्नई के डॉक्टरों के निर्देश पर श्री महतो को देर रात चेन्नई शिफ्ट किया गया.
अंडरपास का स्ट्रक्चर गिरा, एक मजदूर की मौत, तीन की स्थिति गंभीर
बोकारो (मुकेश झा) : शिबूटांड़ और बोदनाडीह के बीच रेलवे के द्वारा बनाए जा रहे अंडरपास का स्ट्रक्चर गिरा. इससे एक मजदूर की मौत हो गयी. तीन की स्थिति गंभीर है. चास के निजी अस्पताल में इनका इलाज चल रहा है. मजदूर नेपाल महतो की मौत हुई है. टुपकाडीह तलगाड़िया रेलवे लाइन दोहरीकरण का काम चल रहा है. कृषि इंफ्राटेक कंपनी यह काम करा रही है. ये मामला बालीडीह थाना क्षेत्र का है. मृतक कसमार का रहने वाला था. झामुमो नेता मंटू यादव ने मृतक के परिजनों को रेलवे में नौकरी और 25 लाख मुआवजा की मांग की.
लातेहार में सड़क दुर्घटना में तीन की मौत, कई घायल
लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के बांसकरचा ग्राम के पास सोमवार की सुबह तकरीबन साढ़े आठ बजे एक बोलेरो (जेएच-01इटी-0827) दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इस दुर्घटना में बोलेरो में सवार लातेहार प्रखंड के बेंदी ग्राम निवासी दशरथ सिंह (35) व उनकी पत्नी की मौत हो गयी, जबकि लातेहार सदर अस्पताल लाने के क्रम में घायल बरवाडीह के केड़ निवासी पुष्पा देवी (30) की मौत रास्ते में हो गयी. इस हादसे में अन्य कई लोग घायल हैं.
सरकारी शिक्षक की नियुक्ति नहीं होने पर आंदोलन
पूर्वी सिंहभूम (राकेश सिंह) : आजसू विधानसभा प्रभारी फनी भूषण महतो के नेतृत्व में सोमवार को आजसू नेता एवं ग्रामीण बीआरसी कार्यालय पहुंचे. मौके पर उपस्थित बीआरसी कर्मियों से आजसू नेता फनी भूषण महतो ने कहा कि चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत बिरदोह पंचायत स्थित बड़ानाटा मिडिल स्कूल में लगभग ढाई सौ विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं, परंतु विद्यालय में सिर्फ 3 पारा शिक्षकों की ही नियुक्ति की गई है. विद्यालय में एक भी सरकारी शिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है. जमशेदपुर जैसे बड़े शहरों में सरकारी स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराए गए हैं जबकि ग्रामीण क्षेत्र के साथ शिक्षा विभाग सौतेला व्यवहार कर रहा है. इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सात दिनों के भीतर विद्यालय में सरकारी शिक्षक की नियुक्ति नहीं की जाती है तो आजसू ग्रामीण और विद्यार्थियों को लेकर आंदोलन करने को बाध्य होगी. कनीय अभियंता सत्यजीत माईति को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया. मौके पर प्रखंड अध्यक्ष पुर्णेन्दु महतो, मुकेश महतो, समीर महतो, मनोरंजन महतो, ग्राम प्रधान पूर्ण टुडू, चन्द्रमोहन नायेक, श्यामल नायेक, नील मुर्मू, पिंटु नाक, सुरज नायेक, हरे कृष्ण नायेक, रमेश टुडू, तिलोत्तमा नायक, सरस्वती नायेक, बेहुला नायेक समेत अन्य उपस्थित थे.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए