प्रभात इम्पैक्ट: पैसे नहीं थे तो रुकी थी स्टेट टॉपर की पढ़ाई, अब मदद के लिए मची होड़, CM हेमंत ने भी लिया संज्ञान
छात्रा को मदद करते विधायक जयराम महतो और सर्किल में सीएम हेमंत सोरेन
जैक इंटर आर्ट्स स्टेट टॉपर छोटी कुमारी की हॉस्टल फीस के अभाव में पढ़ाई रुकने की खबर पर CM हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है. विधायक जयराम महतो और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन मदद को आगे आए.
धनबाद से संजय की रिपोर्ट
आपके शहर में
JAC Inter Arts Topper, रांची: आर्थिक तंगी के कारण जैक इंटर आर्ट्स की स्टेट टॉपर छोटी कुमारी की पढ़ाई रुकने की खबर ‘प्रभात खबर’ में छपने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस गंभीर मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और बोकारो उपायुक्त (DC) को छोटी की उच्च शिक्षा के लिए हरसंभव सरकारी सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. सीएम के आदेश के बाद बोकारो जिला प्रशासन ने छात्रा के लिए दीर्घस्थायी स्कॉलरशिप और स्पॉन्सरशिप की व्यवस्था की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
रांची महिला कॉलेज में एडमिशन
झारखंड एकेडमी काउंसिल (JAC) की इंटर आर्ट्स परीक्षा में 487 अंक लाकर पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल करने वाली कसमार के खैराचातर गांव निवासी छोटी कुमारी ने आगे की पढ़ाई के लिए रांची महिला कॉलेज में एडमिशन तो ले लिया था, लेकिन सालाना 16,000 रुपये हॉस्टल फीस न होने के कारण वह हॉस्टल में प्रवेश नहीं ले पा रही थी. बेहद गरीब परिवार से आने वाली छोटी का भविष्य अंधकार में लटक गया था, जिसे ‘प्रभात खबर’ ने प्रमुखता से उजागर किया.
जयराम महतो का सहयोग, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन उठाएगा पूरा खर्च
प्रभात खबर में खबर पढ़ने के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो ने रविवार सुबह अपने स्थानीय कार्यकर्ताओं के जरिए छोटी के परिवार से संपर्क किया. उन्होंने परिजनों को तोपचांची स्थित अपने आवास पर बुलाकर अपने निजी वेतन से 16,000 रुपये की हॉस्टल फीस का चेक सौंपा और आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया. इसके अलावा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि सर्वोदय ने छोटी के परिवार से बात की है. सोमवार को सीधे छोटी के बैंक खाते में 16,500 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे. इसके बाद 'अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना' के तहत उसे 30,000 रुपये की वार्षिक छात्रवृत्ति मिलेगी. फाउंडेशन ने छोटी को रांची स्थित अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय में पढ़ने का विकल्प भी दिया है, जहां उसकी पढ़ाई और रहने का पूरा खर्च संस्था उठाएगी.
देश-विदेश से भी लोगों ने बढ़ाया मदद का हाथ
प्रभात खबर के इस समाचार का ऐसा असर हुआ कि बाल विकास परियोजना विभाग के एक अधिकारी ने व्यक्तिगत रूप से हॉस्टल शुल्क देने की बात कही. वहीं, कोलकाता के व्यवसायी सुरेंद्र बजाज ने फोन कर आगे का पूरा खर्च उठाने की इच्छा जताई. बोकारो जिला तैलिक कल्याण समिति भी सोमवार को आर्थिक मदद सौंपेगी. इस बीच, एक अन्य व्यक्ति ने भी अपना नाम गुप्त रखते हुए सीधे छोटी के बैंक खाते में 20,000 की सहायता राशि भेज भी दी है. इतने सारे मदद के बाद इस होनहार बेटी के हौसलों को फिर से पंख मिल गए हैं.
ये भी पढ़ें: सत्ता के नशे में चूर है केंद्र सरकार, युवाओं का दर्द महसूस नहीं हो रहा, झारखंड कांग्रेस ने बोला हमला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए