JBVNL में नियमित नियुक्ति पर उठी मांग, मानव दिवस कर्मियों को प्राथमिकता और 10 साल आयु छूट देने की मांग
झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने जेबीवीएनएल में कार्यरत मानव दिवस, दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्स कर्मियों की समस्याओं पर ऑनलाइन बैठक की. इसमें नियमित नियुक्ति में प्राथमिकता और आयु सीमा में छूट की जोरदार मांग की गई.
रांची. झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ की ऑनलाइन बैठक केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में हुई. बैठक में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) में कार्यरत मानव दिवस, दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्स कर्मियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गयी.
संघ ने आगामी नियमित नियुक्तियों में जेबीवीएनएल में कार्यरत मानव दिवस कर्मियों को प्राथमिकता देने और अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष की छूट देने की मांग की. संघ का कहना है कि निगम में हजारों स्वीकृत तकनीकी पद लंबे समय से रिक्त हैं. इन पदों पर जल्द नियमित नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए.
2014 की सूची को सेवा अवधि का आधार बनाने की मांग
संघ ने वर्ष 2014 में तैयार मानव दिवस कर्मियों की सूची को सेवा अवधि निर्धारण का आधार बनाने की मांग की. साथ ही कर्मियों को उनके वास्तविक कार्यकाल के आधार पर अनुभव का लाभ देने की बात कही गयी.
बैठक में माली, स्वीपर, चालक, खलासी और पेट्रोलिंगमैन समेत गैर-तकनीकी पदों पर भी नियुक्ति करने की मांग उठी. संघ ने समान काम के लिए समान वेतन देने और जोखिमपूर्ण कार्य केवल प्रशिक्षित कर्मियों से कराने की मांग की.
मृत कर्मियों के आश्रितों के लिए रोजगार नीति की मांग
संघ ने सेवा के दौरान मृत कर्मियों के आश्रितों के लिए रोजगार नीति बनाने की मांग की. इसके अलावा आउटसोर्स व्यवस्था में सुधार का सुझाव भी दिया गया. संघ ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे कर्मियों के भविष्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी निगम की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए