ePaper

स्पेन और स्वीडन से हफ्तेभर में निवेश के 7 प्रस्ताव, विदेशों में झारखंड का सुधरेगा ब्रांड वैल्यू, बोले उद्योग सचिव अरवा राजकमल

Updated at : 05 May 2025 6:35 PM (IST)
विज्ञापन
Hemant Soren Spain And Sweden Trip press conference

सूचना भवन में पत्रकारों को स्पेन और स्वीडन दौरे की जानकारी देते उद्योग सचिव अरवा राजकमल

Hemant Soren Spain And Sweden Trip: झारखंड में विदेशी निवेश के लिए स्पेन और स्वीडन गए प्रतिनिधिमंडल में शामिल वरीय पदाधिकारियों ने सूचना भवन में पत्रकारों से बातचीत की. झारखंड के उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य झारखंड में विदेशी निवेश को बढ़ाना देना था. स्पेन और स्वीडन से हफ्तेभर में निवेश के 7 प्रस्ताव मिले हैं. विदेशों में झारखंड का ब्रांड वैल्यू सुधरेगा.

विज्ञापन

Hemant Soren Spain And Sweden Trip: रांची-झारखंड के उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने सूचना भवन में पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में स्पेन और स्वीडन गए प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड में निवेश के लिए विदेशी निवेशकों को आमंत्रित किया है. इस दौरान कई निवेशकों के प्रस्ताव मिले हैं. कई कंपनियों ने झारखंड में निवेश करने में रुचि दिखाई है. यात्रा पूरी होने के एक सप्ताह के अंदर सात निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं. उन्होंने कहा कि करीब 9 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद झारखंड से कोई सरकारी प्रतिनिधिमंडल विदेशी दौरे पर गया. इस यात्रा से विदेशों में झारखंड की उपस्थिति दर्ज होगी और झारखंड का ब्रांड वैल्यू में सुधार होगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पेन एवं स्वीडन के विभिन्न उद्यमियों से कहा है कि झारखंड में निवेश की सुगम सुविधा के लिए यूरोपीय कंपनियों के लिए एक समर्पित डेस्क स्थापित किया जाएगा. स्पेन में टेस्ला ग्रुप एस के चेयरमैन दुसान लिचार्ड्स ने ग्रुप की रोमानिया गिगिया फैक्ट्री परियोजना के बारे में प्रस्तुति दी और बैटरी भंडारण उत्पादन के निर्माण के लिए झारखंड में एक समान परियोजना स्थापित करने के लिए करीब 150 मिलियन यूरो के निवेश में रुचि दिखायी है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से उद्योग निदेशक सुशांत गौरव, खनन आयुक्त राहुल कुमार सिन्हा, एमडी जिडको वरुण रंजन समेत कई विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

फुटबॉल कोचों को प्रशिक्षण के लिए समझौता ज्ञापन का मिला प्रस्ताव


उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि झारखंड सरकार को आरसीडी एस्पेनयोल फुटबॉल क्लब से झारखंड में खेल विकास में सहयोग के लिए झारखंड में फुटबॉल कोचों को प्रशिक्षण देने के लिए एक समझौता ज्ञापन MoU/Lol का प्रस्ताव मिला. इसके अलावा रांची में 120-170 मिलियन यूरो के निवेश से एक मेगा सम्मेलन और व्यापार प्रदर्शनी केंद्र विकसित करने के लिए Lol प्राप्त हुआ. भारत की जीडीपी में झारखंड का हिस्सा 2.5 प्रतिशत जबकि विदेशी निवेश मात्र 0.98 प्रतिशत है. स्पेन और स्वीडन झारखंड में निवेश की दृष्टि से महत्वपूर्ण देश हैं.

स्पेन और स्वीडन यात्रा के दौरान विदेशी निवेशकों को आमंत्रण


अरवा राजकमल ने कहा कि झारखंड में विदेशी निवेश के मकसद से यूरोपीय देश स्पेन एवं स्वीडन गए प्रतिनिधिमंडल ने स्पेन के बार्सिलोना स्थित निर्माणाधीन यूरोप के सबसे बड़े स्टेडियम एफसी बार्सिलोना स्टेडियम और संग्रहालय का दौरा किया इस दौरान वहां एफसी बार्सिलोना की उपाध्यक्ष एलेना फोर्ट के साथ बैठक की. डी गावा संग्रहालय का भी दौरा किया. वहां पुराने खनन स्थल को एक जियोलॉजिकल म्यूजियम में बदल दिया गया है. इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी झारखंड के चाईबासा में भी इसी तरह के स्थलों को जियोलॉजिकल म्यूजियम में बदलने और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए बनाने का निदेश दिया.

ये भी पढ़ें: JMM केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की घोषणा, नलिन सोरेन समेत 8 उपाध्यक्ष, 63 को मिली जगह, कल्पना को मिली ये जिम्मेदारी

झारखंड में निवेश को किया गया प्रोत्साहित


बार्सिलोना में ही एक इन्वेस्टर मीट आयोजित किया गया, जहां भारतीय प्रवासियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. वन टू वन मीटिंग कर खेल से संबंधित मार्केटिंग एंड ब्रांडिंग, आईईएसई बिजनेस स्कूल में उद्यमिता संकाय, पर्यावरण स्थिरता सहित कई विषयों पर चर्चा की गयी. निवेशकों ने झारखंड में एक बेहतरीन स्टार्टअप पॉलिसी के तहत काम करने की रुचि व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य में संभावित निवेश की तलाश करने के लिए प्रोत्साहित किया. प्रतिनिधिमंडल ने फिरा दी बार्सिलोना इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर का दौरा किया, जो यूरोप के सबसे बड़े और सबसे आधुनिक प्रदर्शनी स्थलों में से एक है. यहां स्पेन में भारत के राजदूत की उपस्थिति में मुख्यमंत्री को रांची में 120-170 मिलियन यूरो के निवेश से एक मेगा सम्मेलन और व्यापार प्रदर्शनी केंद्र विकसित करने के लिए Lol प्राप्त हुआ.

झारखंड में वोल्वो को किया आमंत्रित


अरवा राजकमल ने बताया कि स्वीडन में गोथेनबर्ग में उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने 50 से अधिक वैश्विक निवेशकों के समक्ष झारखंड में विनिर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन, खनिज अन्वेषण और प्रसंस्करण तथा स्वच्छ ऊर्जा से संबंधित निवेश क्षेत्रों को दर्शाया गया. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने गोथेनबर्ग में वोल्वो ट्रक संयंत्र का दौरा किया. मुख्यमंत्री ने झारखंड में खनन कार्यों में भारी ट्रकों की बढ़ती मांग को देखते हुए झारखंड में एक मेगा विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए वोल्वो को आमंत्रित किया. किसी भी देश के निवेशकों को झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रित करने के लिए विजिबिलिटी जरूरी है. यह यात्रा स्पेन और स्वीडन में झारखंड की विजिबिलिटी के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण था.

ये भी पढे़ं: ACB Trap: रांची में DMO ऑफिस का कंप्यूटर ऑपरेटर रिश्वत लेते अरेस्ट, एसीबी ने ऐसे दबोचा

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola