झारखंड और ऑस्ट्रेलिया आएंगे साथ! CM हेमंत से मिले बर्नार्ड लिंच, खनन से लेकर खेल तक में बनेगी पार्टनरशिप
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करते बर्नार्ड लिंच, साथ में हैं अन्य अतिथि
ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्यदूत बर्नार्ड लिंच ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और कौशल विकास, खनिज, तकनीक, खेल और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर गहन विचार-विमर्श हुआ.
रांची : रांची में बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ऑस्ट्रेलिया के (कोलकाता स्थित) महावाणिज्यदूत (Consul General) बर्नार्ड लिंच ने औपचारिक शिष्टाचार मुलाकात की. इस बैठक के दौरान झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने और विभिन्न क्षेत्रों में दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत करने पर सकारात्मक और गहन विचार-विमर्श हुआ. बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को स्मृति चिह्न भेंट किए. मुख्यमंत्री ने बर्नार्ड लिंच को झारखंड की पारंपरिक कलाकृति वाला फ्रेम और एक क्रिकेट बॉल उपहार स्वरूप सौंपी.
कौशल विकास, तकनीक और खनिज क्षेत्र में सहयोग पर जोर
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया कि बातचीत में कौशल एवं तकनीकी शिक्षा, प्रौद्योगिकी व नवाचार (Innovation), खनिज संसाधन, खेल और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण सेक्टरों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया. झारखंड के समृद्ध खनिज संसाधनों को देखते हुए खनन क्षेत्र में तकनीकी सहयोग और संस्थानों के बीच साझेदारी पर सहमति जताई गई. इसके अलावा, ऑस्ट्रेलियाई संस्थानों की मदद से झारखंड के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के नए अवसर पैदा करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई.
आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान का आदान-प्रदान
बैठक में झारखंड की समृद्ध आदिवासी विरासत और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों को प्रमुखता से शामिल किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनजातीय संस्कृति और ऑस्ट्रेलिया की स्वदेशी (Indigenous) संस्कृति के अनुभवों और ज्ञान के बीच संवाद स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड की मानव पूंजी और प्राकृतिक संसाधनों को ऑस्ट्रेलिया की आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञता से जोड़कर दोनों पक्षों के लिए पारस्परिक रूप से लाभकारी रास्ते तलाशे जाएंगे.
ये भी पढ़ें: विनोबा भावे विश्वविद्यालय का 35वां स्थापना दिवस कल, जामिया के कुलपति प्रो. मज़हर आसिफ होंगे मुख्य अतिथि
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए