लोकभवन में ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्यदूत की राज्यपाल से मुलाकात, झारखंड के पर्यटन और कौशल विकास पर बना प्लान
आस्ट्रेलिया के काउंसुल जनरल बर्नार्ड लिंच झारखंड के राज्यपाल से मुलाकात करते हुए
ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्यदूत बर्नार्ड लिंच ने झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की. इस बैठक में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया, जिसमें झारखंड के विकास के लिए पर्यटन, शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया.
रांची : रांची स्थित लोकभवन में बुधवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्यदूत (पूर्वी व पूर्वोत्तर भारत) बर्नार्ड लिंच ने औपचारिक शिष्टाचार भेंट की. इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान राज्यपाल गंगवार और काउंसुल जनरल लिंच के बीच भारत और ऑस्ट्रेलिया के मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तृत चर्चा हुई. दोनों दिग्गजों ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ते पारस्परिक सहयोग से झारखंड जैसे उभरते राज्य को सीधा लाभ मिलेगा और नए वैश्विक अवसर पैदा होंगे.
पर्यटन, शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष फोकस
वार्ता के दौरान दोनों देशों के बीच झारखंड में शिक्षा, कौशल विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्रों में नई संभावनाएं तलाशने पर गहन विचार-विमर्श किया गया. बैठक में यह बात प्रमुखता से सामने आई कि ऑस्ट्रेलिया की तकनीकी विशेषज्ञता और झारखंड की युवा क्षमता मिलकर राज्य में कौशल विकास को नई दिशा दे सकती है. इसके अलावा, दोनों क्षेत्रों के बीच शैक्षणिक और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने की रणनीतियों पर भी सहमति जताई गई.
ये भी पढ़ें: लोहरदगा के कुड़ू में नशेड़ी बाप ने कमरे में सो रहे बेटे को टांगी से काटा, जंगल से किया गया गिरफ्तार
झारखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल के समक्ष झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को गर्व से प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सुंदरता, विशाल पहाड़ियों, मनोरम झीलों, झरनों, जलाशयों और घने वन क्षेत्रों से समृद्ध राज्य है. इसके साथ ही, राज्य की विशिष्ट जनजातीय परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करने की अपार क्षमता रखती हैं. राज्यपाल ने ऑस्ट्रेलिया के साथ पर्यटन के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने की उम्मीद भी जताई.
ये भी पढ़ें: BIT Sindri SIH 2026: 105 टीमों के बीच दिखा जबरदस्त मुकाबला, 45 टीमों का अगले चरण के लिए चयन
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए