झारखंड में बनेगा पूर्वी भारत का सबसे बड़ा एआइ डाटा सेंटर
सीएम हेमंत सोरेन की दावोस और यूके की यात्रा के बाद अब राज्य को तकनीकी और डिजिटल हब के रूप में विकसित करने की तैयारी है.
रांची. झारखंड में पूर्वी भारत का सबसे बड़ा एआइ डेटा सेंटर बनाया जायेगा. सीएम हेमंत सोरेन की दावोस और यूके की यात्रा के बाद अब राज्य को तकनीकी और डिजिटल हब के रूप में विकसित करने की तैयारी है. इस दिशा में बड़ा प्रस्ताव मिला है. सिंगापुर की सनसाइन ग्लोबल कैपिटल लिमिटेड ने झारखंड में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) आधारित डाटा सेंटर स्थापित करने के लिए राज्य सरकार को आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) सौंपा है. यह पत्र आइटी विभाग के प्रधान सचिव को सौंपा गया है. यह परियोजना राज्य में आइटी निवेश, रोजगार सृजन और ग्रीन एनर्जी आधारित उद्योगों को गति देने वाली मानी जा रही है.
परियोजना का 24 महीने में होगा संचालन
एलओआइ में तय समय-सीमा के अनुसार, परियोजना का 24 महीने में व्यावसायिक संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. इस दौरान भूमि चिह्नितीकरण, आधारभूत संरचना विकास, बिजली एवं कनेक्टिविटी तथा आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया पूरी की जायेगी. कंपनी द्वारा पांच से आठ एकड़ भूमि मांगी गयी है. पूरी परियोजना पर कंपनी द्वारा 3300 करोड़ रुपये का निवेश किया जायेगा. कंपनी द्वारा 1600 लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार देने की बात कही गयी है. खासतौर पर आइटी इंजीनियर,डेटा साइंटिस्ट. एआइ रिसर्चर व टेक्निकल सपोर्ट स्टाफ को रोजगार के मौके मिलेंगे.
देश-विदेश की कंपनियों को मिलेगी डिजिटल सर्विस
कंपनी द्वारा भेजे गये एलओआइ के अनुसार, 10 मेगावाट आइटी लोड एआइ डेटा सेंटर बनाया जायेगा. यह सेंटर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा और इसमें हाई-परफॉरमेंस कंप्यूटिंग, क्लाउड सेवाएं, डेटा एनालिटिक्स और एआइ एप्लीकेशंस को सपोर्ट करने वाली उन्नत संरचना विकसित की जायेंगी. परियोजना के तहत डेटा प्रोसेसिंग, स्टोरेज और साइबर सुरक्षा के आधुनिक इंतजाम किये जायेंगे. जिससे देश-विदेश की कंपनियों को झारखंड से डिजिटल सेवाएं दी जा सकेंगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए