सावधान : अब रांची में बच्चे भी स्वाइन फ्लू की चपेट में, 3 हॉस्पिटल में भर्ती, 5 माह की बच्ची वेंटिलेटर पर

Updated:
विज्ञापन

रांची में बच्चे भी स्वाइन फ्लू की चपेट में, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सांस लेने में दिक्कत हो तो न करें नजरअंदाज

बच्चों में स्वाइन फ्लू का संक्रमण तेजी से फैल रहा है. रांची के रानी अस्पताल में तीन बच्चों का इलाज चल रहा है, जिनमें 5 माह की एक बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है. स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है.

विज्ञापन

रांची. स्वाइन फ्लू का वायरस बच्चों को भी अपनी चपेट में ले रहा है. रानी अस्पताल में स्वाइन फ्लू से पीड़ित तीन बच्चों का इलाज चल रहा है. इनमें पांच माह की एक बच्ची को वेंटिलेटर पर रखना पड़ा है. परिजन गुरुवार को उसे भागलपुर से लाकर भर्ती कराये हैं. डॉक्टरों ने बताया कि मासूम की स्थिति गंभीर है, लेकिन लक्षण के आधार पर इलाज किया जा रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

रानी अस्पताल के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ राजेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में स्वाइन फ्लू से पीड़ित तीन बच्चे भर्ती हैं. इनमें एक बच्ची को वेंटिलेटर पर रखा गया है. वहीं, रिम्स के शिशु विभाग में फिलहाल स्वाइन फ्लू से संक्रमित कोई बच्चा भर्ती नहीं है.

परिजनों से बच्चों में फैल रहा संक्रमण

विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों में स्वाइन फ्लू का संक्रमण अक्सर माता-पिता या परिवार के अन्य सदस्यों से पहुंच सकता है. ऐसे में घर में किसी सदस्य को सामान्य फ्लू के लक्षण भी हों, तो सावधानी बरतना जरूरी है. संक्रमित व्यक्ति को बच्चों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए और मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए.

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सिविल सर्जनों के साथ बैठक

स्वाइन फ्लू के मरीजों में संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने विभाग को खासकर दूसरे राज्यों और शहरों से आने वाले मरीजों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने सभी सिविल सर्जनों के साथ ऑनलाइन बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की.

बैठक में बताया गया कि स्वाइन फ्लू से संक्रमित मिले अधिकांश मरीज हाल में दूसरे राज्यों या शहरों की यात्रा कर झारखंड लौटे हैं. एक संक्रमित मरीज का निजी अस्पताल में भी इलाज चल रहा है.

ये भी पढ़ें: सतर्क रहें : राजधानी में स्वाइन फ्लू की दस्तक, रिम्स व निजी लैब की जांच में अब तक 24 संक्रमित

एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर सतर्कता

स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने का निर्देश दिया है. हालांकि, अभी तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक एडवाइजरी जारी नहीं की गयी है. विभाग का कहना है कि वह अपने स्तर पर पूरी तरह तैयार है और गंभीर मरीजों की जांच व निगरानी की जा रही है.

ये भी पढ़ें: पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो के खिलाफ खोला मोर्चा, 5 दिन में गिरफ्तारी की मांग

गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को ज्यादा खतरा

सिविल सर्जन डॉ अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को स्वाइन फ्लू को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है. ऐसे मरीजों की इम्युनिटी पहले से कमजोर रहती है और नया वायरस उनकी स्थिति को और गंभीर बना सकता है. उन्होंने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों और बीमार लोगों के संपर्क में आने से बचने की अपील की है. साथ ही गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों के परिजनों को उनका विशेष ख्याल रखने की सलाह दी है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola