रांची: DSPMU में छात्र संगठनों का हंगामा, तालाबंदी और तोड़फोड़, पुलिस ने किया बल प्रयोग

Updated:
विज्ञापन

डीएसपीएमयू में छात्र संगठनों का हंगामा

रांची स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि में सभी विषयों में सीटों की कटौती से नाराज विभिन्न छात्र संगठनों ने सोमवार को हंगामा किया. हालात बिगड़ते देख विवि प्रशासन ने पुलिस बुला ली, जिससे पूरा कैंपस छावनी में तब्दील हो गया. आंदोलन कर रहे छात्र नेताओं को खदेड़ने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.

विज्ञापन

DSPMU News: डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि (डीएसपीएमयू) में सोमवार को विभिन्न छात्र संगठनों ने सभी विषयों में सीटें कटौती के विरोध में दिन भर हंगामा किया और तालाबंदी की. छात्र इतने उत्तेजित थे कि स्नातक की नामांकन प्रक्रिया को बाधित कर दिया. कक्षाओं से विद्यार्थियों को बाहर निकाल दिया व परीक्षाएं रोक दी. छात्रों के हंगामा को देख विवि प्रशासन ने कैंपस में पुलिस बुला ली, जिससे पूरा कैंपस छावनी में तब्दील हो गया. इस दौरान आदिवासी छात्र संघ, एनएसयूआइ, आजसू, झारखंड छात्र मोर्चा व अन्य संगठनों के सदस्यों ने कुलपति विरोधी नारेबाजी की और उनकी गाड़ी पर कालिख पोत दी. हंगामे के बाद पुलिस ने धक्का देकर आंदोलन कर रहे नेताओं को पीछे धकेलने का काम किया. इस दौरान काफी धक्का-मुक्की हुई. 

आपके शहर में

विज्ञापन

पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया

आंदोलन कर रहे छात्र नेताओं को खदेड़ने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा. इससे आंदोलन कर रहे छात्र नेता भड़क गये. धक्कामुक्की में कैंपस में लगे कई शीशे भी टूट गये. बाद में पुलिस प्रशासन ने तोड़फोड़ करने पर एफआइआर करने की चेतावनी दी. इसके बाद सभी नेता मुख्य द्वार के समक्ष धरना पर बैठ गये. वहीं कुलपति प्रो राजीव मनोहर का पुतला दहन किया. नेताओं ने ग्रिल भी तोड़ने का प्रयास किया. विवि की तरफ से प्रॉक्टर डॉ अजय कुमार ने छात्र नेताओं को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मान रहे थे. 

छात्र नेताओं ने क्या कहा?

छात्र नेताओं का कहना था कि विवि में टीआरएल, कॉमर्स, बीबीए, एमबीए, कंप्यूटर साइंस आदि विषयों में 50 प्रतिशत से अधिक सीटों की कटौती कर दी है. नेताओं ने कहा कि कुलपति विवि को यूपी मॉडल पर चलाना चाहते हैं. यहां सीटों में कटौती कर दी गयी है, तो यहां के विद्यार्थी क्या उत्तरप्रदेश, बिहार, बंगाल, ओडिशा में जाकर पढ़ाई करेंगे. एक महिला ने कहा कि उनके तीन बच्चों का नाम लिस्ट में था, लेकिन यहां पहुंचने पर बताया गया कि सभी सीटें भर गयी हैं. यह कैसे हुआ. नेताओं ने कहा कि वे लोग उच्च शिक्षा निदेशालय का भी घेराव करेंगे, मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से भी छात्र हित में सीटों में कटौती नहीं करने की मांग करेंगे. विवि में एक व्यक्ति एक पद भी पूरी तरह लागू नहीं हुआ.

विवि में हंगामा करना उचित नहीं, कठोर कार्रवाई होगी : कुलपति

डीएसपीएमयू के कुलपति प्रो राजीव मनोहर ने कहा कि विवि में इस तरह का हंगामा करना समस्या का समाधान नहीं है. किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जायेगी. हंगामा कर नामांकन प्रक्रिया, कक्षाएं आदि बाधित करना बिल्कुल उचित नहीं है. विवि इस तरह के कार्य करनेवालों को चिह्नित कर उन पर प्राथमिकी दर्ज करायेगा. कुलपति ने कहा कि जहां तक सीटों की कटौती आदि का सवाल है, तो विवि ने उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्देश के आलोक में ही नामांकन प्रक्रिया शुरू की है. सीटें बढ़ाने व घटाने का जिम्मा विभाग के पास है. विवि ने पहले ही विभाग के पास छात्रहित में सीटें बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेज चुकी है.

ये भी पढ़ें: मंगलवार को सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होगी कैबिनेट की बैठक, मॉनसून सत्र पर लग सकती है मुहर

ये भी पढ़ें: लेफ्टिनेंट कर्नल जय प्रकाश ने माउंट कुन फतह कर रचा इतिहास, सैनिक स्कूल तिलैया से कर चुके हैं पढ़ाई




विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola