10 हजार करोड़ के कथित टैक्स मामलों पर कांग्रेस का केंद्र से सवाल, पूछा- अब तक कितनी हुई कार्रवाई?
कांग्रेस ने 10 हजार करोड़ के टैक्स चोरी मामले में केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। फर्जी राजनीतिक दलों के जरिए हो रहे काले धन के खेल की जांच की मांग की गई है।
रांची. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से जुडे कथित टैक्स मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाये हैं. उन्होंने कहा कि 3,260 से अधिक ऐसे दलों के जरिए 10 हजार करोड रुपये से अधिक के कथित टैक्स मामले की बात सामने आयी है, तो सरकार को बताना चाहिए कि इस संबंध में अब तक क्या कार्रवाई की गयी है.
राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने विदेशों से काला धन वापस लाने का वादा किया था, लेकिन देश के भीतर ही काले धन को सफेद करने के कथित मामले सामने आ रहे हैं. उन्होंने सवाल किया कि आम लोगों की छोटी कर संबंधी गलती पर नोटिस और कार्रवाई करने वाली सरकार हजारों करोड रुपये से जुडे इस मामले में क्या कदम उठा रही है.
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज करने और कर संबंधी नोटिस जारी करने में तेजी दिखाई गयी, लेकिन पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से जुडे कथित मामलों की जांच की स्थिति भी सार्वजनिक की जानी चाहिए.
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी ने केंद्र सरकार से पूछा कि इस मामले में अब तक कितनी राशि की वसूली हुई है, कितने मामलों की जांच पूरी हुई है और कितने लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किये गये हैं. उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने और जांच में सामने आने वाले वास्तविक लाभार्थियों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की.
राकेश सिन्हा ने कहा कि राजनीतिक दलों की फंडिंग में पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है. इसलिए कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए