पैतृक संपत्ति विवाद में दुकानदार दंपती पर हमला, लाठी-डंडे और रॉड से मारने का आरोप
रांची में पैतृक संपत्ति को लेकर एक दुकानदार दंपती पर लाठी-डंडे और रॉड से हमला किया गया. हमले में दुकानदार को गंभीर चोटें आई हैं. आरोपियों पर मारपीट और पैसे मांगने का भी आरोप है.
रांची. हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में पैतृक संपत्ति विवाद को लेकर दुकानदार दंपती पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है. मल्लाह टोली निवासी रंजीत विश्वकर्मा (40) ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करायी है. घटना 11 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की बतायी गयी है.
हमले में दुकानदार को गंभीर चोट लगने का आरोप
प्राथमिकी में रंजीत ने बताया है कि वह पत्नी के साथ दुकान में थे. इसी दौरान नामजद आरोपी लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर वहां पहुंचे और हमला कर दिया. आरोप है कि रंजीत के सिर और आंख में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़े.
रंजीत ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट और अभद्र व्यवहार किया. साथ ही आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे वायरल नहीं करने के बदले चार से पांच लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है. शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने की बात भी प्राथमिकी में कही गयी है.
पैतृक संपत्ति से बेदखल करने का लगाया आरोप
रंजीत के अनुसार, पैतृक संपत्ति पर आरोपी परिवार रह रहा है और व्यवसाय करता है तथा उनके परिवार को वहां से बेदखल करना चाहता है. उन्होंने आरोप लगाया कि एक आरोपी ने दो लाख और दूसरे ने तीन लाख रुपये मजदूरी बकाया होने की बात कहकर भी धमकी दी.
मामले में आकाश विश्वकर्मा, रेखा देवी, शिव विश्वकर्मा, सोनी देवी, मानसिंह कुमारी, आशीष प्रसाद, सोनू विश्वकर्मा, कैश और बाबला को नामजद किया गया है. पुलिस प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए