भूतनगर में गूंजा लाठी खेल का रोमांच, चेहल्लुम मेले में 35 से अधिक टीमों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
खलारी के भूतनगर में आयोजित चेहल्लुम मेला में 35 से अधिक टीमों ने लाठी खेल के हैरतअंगेज करतब दिखाए। मंत्री शिल्पीनेहा तिर्की ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
रांची,खलारी. भूतनगर खलारी में शनिवार देर शाम चेहल्लुम मेला सह लाठी खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की थीं. विशिष्ट अतिथि खलारी डीएसपी आरएन चौधरी, थाना प्रभारी पुनि रामकुमार वर्मा एवं बीएन पांडेय उपस्थित थे. मंत्री शिल्पीनेहा तिर्की ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया. इसके बाद उन्होंने जिला परिषद सदस्य शाल्या परवीन एवं स्थानीय मुखिया शांति देवी के साथ बारी-बारी से लाठी खेलकर प्रतियोगिता की शुरुआत की.
आपके शहर में
ढाई दशक से चेहल्लुम मेला का आयोजन
इससे पूर्व जिप सदस्य शाल्या परवीन ने शाल ओढ़ाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया. स्थानीय कलाकार हाफिज हर्ष ने मुख्य अतिथि के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया. पिछले ढाई दशक से अधिक समय से भूतनगर में चेहल्लुम मेला का आयोजन होता आ रहा है. इस वर्ष भी मेला संयोजक पूर्व जिला परिषद सदस्य सह मजदूर नेता अब्दुल्ला अंसारी एवं मेला कमेटी की ओर से भव्य आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में आसपास के जिलों एवं थाना क्षेत्रों से 35 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया. स्थानीय युवाओं की टोली ने देशभक्ति गीतों की धुन पर तिरंगा झंडा लेकर अखाड़े में मार्च किया, जिसे लोगों ने खूब सराहा.
हथियारों एवं लाठी खेल के हैरतअंगेज करतब
इसके बाद विभिन्न टीमों ने पारंपरिक हथियारों एवं लाठी खेल के हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किये. खिलाड़ियों के एक से बढ़कर एक प्रदर्शन ने दर्शकों को देर रात तक रोमांचित बनाये रखा. मंत्री शिल्पीनेहा तिर्की ने कहा कि उनके पिता बंधु तिर्की लगातार इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होते रहे हैं. वह पहली बार इस प्रतियोगिता में शामिल होकर काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि चेहल्लुम का यह आयोजन सामाजिक एकता का प्रतीक है. यह सामाजिक एकता हमेशा बनी रहे. उन्होंने आयोजन कमेटी को सफल आयोजन के लिए बधाई और धन्यवाद दिया.
प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत
प्रतियोगिता पूरी रात चली. अंत में सभी टीमों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया. कलाकार हाफिज हर्ष ने अपनी शानदार प्रस्तुति से देर रात तक समां बांधे रखा. कार्यक्रम का संचालन इस्लाम अंसारी ने किया. आयोजन में अब्दुल्ला अंसारी, सुनील सिंह, सोनू पांडेय, इस्माइल अंसारी, साबीर अंसारी, सलामत अंसारी, इमामुद्दीन अंसारी, कुर्बान अंसारी, मुस्लिम अंसारी, सिराज अंसारी, रियाज अंसारी, रियाजुद्दीन अंसारी, मुस्ताक अंसारी, विकास लोहार, सोनू ठाकुर, फिरोज अंसारी, मुमताज अंसारी, परवेज आलम, औरंगजेब खान, अमजद खान, मुस्तफा अंसारी, मुर्तुजा अंसारी, कुलदीप कुमार, मुबारक अंसारी, अनिता गंझू, गीता देवी एवं गुड़िया देवी सहित आसपास के सैकड़ों महिला-पुरुष मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए