Central University of Jharkhand: खराब खाने को लेकर विद्यार्थियों ने किया धरना-प्रदर्शन, दो छात्र भूख हड़ताल पर
धरना-प्रदर्शन में शामिल विद्यार्थी
केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे) के छात्र कैंपस में खराब खाने की गुणवत्ता और बढ़ी हुई मेस फीस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. दो छात्र भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं, जबकि अन्य छात्र भी धरने पर हैं.
Central University of Jharkhand: केंद्रीय विवि, झारखंड (सीयूजे) के मनातू कैंपस में खराब खाना को लेकर रविवार को स्नातक और स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया और धरना पर बैठ गये. इनमें छात्र मृत्युंजय और अंकित भूख हड़ताल पर हैं. छात्राएं भी दिन भर धरना पर रहीं. छात्रों का कहना है कि खराब भोजन के साथ कैंटीन संचालक ने मेस शुल्क भी बढ़ा दिया है. तीन बार भोजन देने की बात है, लेकिन दो बार ही खाना दिया जा रहा है. शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, अंतत: छात्र-छात्राएं मुख्य द्वार पर धरना पर बैठ गये.
आपके शहर में
मेस शुल्क वृद्धि पर छात्रों का विरोध, गुणवत्ता सुधार की मांग
छात्रों ने मेस शुल्क में कमी, भोजन की गुणवत्ता सुधार और पारदर्शिता की मांग की. छात्रों ने बताया कि वर्तमान में प्रत्येक हॉस्टल छात्र से 3300-3800 रुपये प्रतिमाह शुल्क लिया जा रहा है, जबकि पहले 3071 रुपये लिया जाता था. उन्होंने टोकन सिस्टम लागू करने की मांग की. उनका आरोप है कि शुल्क बढ़ने के बावजूद भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है. छात्राओं ने मेस में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाये. विवि प्रशासन को सात सूत्री मांग पत्र सौंपा. इसमें पेशेवर कुक की रोटेशन व्यवस्था, हॉस्टल के अनुसार मेन्यू बदलाव, गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल और अग्रिम शुल्क नहीं लेने की मांग शामिल है.
ये भी पढ़ें- रांची का पहाड़ी मंदिर जाने से पहले जरूर पढ़ लें यह खबर, बंद रहेंगे ये 5 रास्ते, जान लें पार्किंग का नया रूट चार्ट
धमकी के आरोप, मांगों पर अड़े छात्र
छात्रों ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान प्रशासन ने कुछ छात्रों को हॉस्टल से निकालने की धमकी दी. वार्डन पर भी गंभीर आरोप लगाये गये. छात्रों ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों पर व्यक्तिगत कार्रवाई नहीं होनी चाहिए. जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, धरना और भूख हड़ताल जारी रहेगा. इधर, देर शाम तक प्रशासन विद्यार्थियों को मनाने का प्रयास करता रहा. विवि के डीएसडब्ल्यू डॉ अनुराग लिंडा ने कहा कि मेस शुल्क यूजी/पीजी कैंटीन कमेटी की सहमति से लगभग 300 रुपये बढ़ाया गया है. यह तात्कालिक व्यवस्था है. सीयूजे में विद्यार्थी देर रात में भी धरना और भूख हड़ताल पर बैठे थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए