JPSC-JSSC पर फैसला आज! पुनर्गठन, परीक्षा सुधार समिति और CGL गड़बड़ी की जांच पर कैबिनेट में हो सकती है चर्चा
JPSC कार्यालय की तस्वीर : प्रभात खबर
रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक आज होगी. इस बैठक में JPSC के पुनर्गठन, अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति, परीक्षा सुधार समिति के सदस्यों के नामों पर मुहर लग सकती है.
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य कैबिनेट की बैठक होगी. बैठक में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पुनर्गठन से जुड़े प्रस्ताव पर सरकार की मंजूरी मिल सकती है. सूत्रों के अनुसार, प्रस्ताव में आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति से संबंधित बिंदु शामिल हैं.
आपके शहर में
इसके साथ ही परीक्षा सुधार समिति के सदस्यों के नाम पर भी कैबिनेट में सहमति बन सकती है. पिछली विशेष कैबिनेट बैठक में IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में परीक्षा सुधार समिति गठित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी. अब समिति में शामिल किए जाने वाले अन्य सदस्यों के नाम का प्रस्ताव बैठक में लाए जाने की संभावना है.
JPSC-JSSC में आंतरिक निगरानी प्रकोष्ठ का प्रस्ताव
कैबिनेट में JPSC और JSSC में आंतरिक निगरानी प्रकोष्ठ गठित करने का प्रस्ताव भी आ सकता है. इसका उद्देश्य आयोगों की परीक्षा प्रक्रिया में निगरानी और पारदर्शिता को मजबूत करना बताया जा रहा है.
वहीं, JPSC और JSSC की CGL परीक्षाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों की जांच के लिए रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में जांच समिति गठित करने का प्रस्ताव भी बैठक में आने की संभावना है. समिति के गठन को लेकर सरकार की ओर से अहम फैसला लिया जा सकता है.
करीब दो दर्जन प्रस्तावों पर हो सकती है चर्चा
कैबिनेट की बैठक में इन प्रस्तावों के अलावा करीब दो दर्जन अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है. इनमें हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन से जुड़े प्रस्ताव भी शामिल बताए जा रहे हैं.
परीक्षा व्यवस्था में सुधार और आयोगों के पुनर्गठन से जुड़े प्रस्तावों पर होने वाला फैसला अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. खासकर JPSC और JSSC की परीक्षाओं में पारदर्शिता और निगरानी को लेकर सरकार के संभावित फैसले पर अभ्यर्थियों की नजर रहेगी.
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC महाघोटाले पर दिल्ली में हंगामा, Rahul Gandhi के घर पहुंचे नाराज छात्र!
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए