PM मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू होगा भाजपा का सेवा अभियान, 25 करोड़ परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य
प्रदेश भाजपा कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान की प्रदेश टोली को संबोधित करते अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी संजय जायसवाल | Prabhat Khabar Network
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इसमें रक्तदान और वृक्षारोपण जैसे कई कार्यक्रम होंगे शामिल।
रांची. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का सेवा संकल्प अभियान चलायेगी. इसे जनसेवा के महापर्व के रूप में आयोजित किया जायेगा. अभियान को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश टोली की कार्यशाला हुई. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में हुई कार्यशाला में अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गयी.
13 प्रमुख कार्यक्रम होंगे आयोजित
कार्यशाला को संबोधित करते हुए अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी और लोकसभा के मुख्य सचेतक डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को परिवार के अभिभावक के रूप में मनाया जायेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के दौरान सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया.
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पीपीटी के माध्यम से एक महीने तक चलने वाले 13 प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के संचालन के लिए 12 प्रकार की टोलियां और उनके संयोजक बनाये गये हैं.
17 सितंबर को मंदिरों और संस्थानों में जलेगा आशीर्वाद का दीया
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को होगी. इस दिन शाम सात बजे प्रदेश के सभी मंदिरों, संस्थानों और कार्यालयों में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया जायेगा. अभियान के तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य परीक्षण और स्वच्छता समेत विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जायेंगी.
एक महीने के दौरान स्कूलों में चित्रांकन प्रतियोगिता, आंगनबाड़ी में आंगन मिलन सेवा, 'कहानी बदलाव' के तहत 25 कहानियों का संग्रह, सात अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा, सेवा सेतु अभियान, महिलाओं द्वारा रंगोली कार्यक्रम, सेवा इनोवेशन और जनसेवक महाकुंभ समेत कई आयोजन होंगे.
25 करोड़ परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य
अभियान के तहत देश के करीब 25 करोड़ परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिना किसी भेदभाव के देश के लोगों की सेवा की है और कल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का काम किया है.
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया. मौके पर बालमुकुंद सहाय, गणेश मिश्रा, सरोज सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए