BIT Mesra में ‘पैंथियन’ का रोमांच, 36 घंटे के Hackathon में 721 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
बीआइटी मेसरा के टेक्निकल फेस्ट पैंथियन में छात्रों ने हैकाथॉन और विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए अपने तकनीकी और व्यावसायिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
रांची. बीआइटी मेसरा में चल रहे टेक्निकल फेस्ट ‘पैंथियन’ के दूसरे दिन रविवार को तकनीकी ज्ञान, तार्किक व रणनीतिक सोच, रचनात्मकता, समस्या-समाधान क्षमता और टीमवर्क पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. विद्यार्थियों ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में अपनी तकनीकी और व्यावहारिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
आपके शहर में
लॉजिक क्रूसिबल में प्रतिभागियों की तार्किक क्षमता की परख
आइइटीइ क्लब की ओर से ‘द लॉजिक क्रूसिबल’ का आयोजन किया गया. दो एलिमिनेशन राउंड वाले इस कार्यक्रम के पहले राउंड में गणित, एप्टीट्यूड और कोर इलेक्ट्रॉनिक्स पर आधारित क्विज हुई. इसमें अंकों का वेटेज जानबूझकर नहीं बताया गया, ताकि प्रतिभागी सोच-समझकर जोखिम लेने और रणनीति बनाने की क्षमता विकसित कर सकें.
180 डीसी बीआइटी मेसरा की ओर से व्याख्यान कक्ष-2 में ‘डेटावर्स’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. तीन घंटे के व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों ने पाइथन, एसक्यूएल और पावर बीआइ के माध्यम से डेटाबेस से डेटा निकालने, उसे व्यवस्थित करने, विश्लेषण करने और उपयोगी व्यावसायिक जानकारी में बदलने का अभ्यास किया. प्रतिभागियों ने डैशबोर्ड तैयार करने के साथ वास्तविक जीवन से जुड़ी डेटा समस्याओं का समाधान किया.
यूनेस्को की ओर से ‘पैंथियन क्विज’ आयोजित की गयी. सामान्य ज्ञान पर आधारित इस प्रतियोगिता में विज्ञान, कंप्यूटिंग का इतिहास, सिनेमा, भू-राजनीति और इंटरनेट से जुड़े सवाल पूछे गये. अधिकतम तीन सदस्यों वाली टीमों को सूक्ष्म दृश्य संकेतों को समझकर सही उत्तर देने और त्वरित निर्णय लेने की चुनौती दी गयी.
36 घंटे के हैकाथॉन में 97 प्रतिभागियों का चयन
एसीएम और आइइइइ स्टूडेंट ब्रांच के प्रमुख कार्यक्रम ‘हैकक्वेस्ट’ के तहत गूगल के सहयोग से 36 घंटे का राष्ट्रीय हैकाथॉन आयोजित किया गया. इसमें राज्यभर से 721 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 97 प्रतिभागियों का अंतिम प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ. प्रतिभागियों ने एआइ, एमएल, वेब-3, फिनटेक, ऑटोनॉमस मोबिलिटी और ओपन इनोवेशन जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में नवाचार आधारित समाधान प्रस्तुत किये.
रणनीति और वित्तीय कौशल की भी हुई परीक्षा
सोसाइटी फॉर इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग की ओर से ‘ह्यूमन मैट्रिक्स’ आयोजित किया गया. दो से चार सदस्यों वाली टीमों ने पांच राउंड की रणनीतिक निर्णय-प्रक्रिया वाले मनोवैज्ञानिक खेल में हिस्सा लिया. इसमें व्यक्तिगत लाभ और सामूहिक सहयोग के बीच टकराव वाली परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता परखी गयी.
फाइनेंस क्लब की ओर से वित्तीय सिमुलेशन कार्यक्रम ‘ऑक्शन एरिना’ आयोजित किया गया. टीमों ने वर्चुअल ट्रेडिंग फ्लोर पर मात्रात्मक पहेलियों, एसेट बार्टरिंग, कॉरपोरेट वैल्यूएशन बिडिंग और लाइव मार्केट शॉक सिमुलेशन के माध्यम से अपने व्यावसायिक कौशल का प्रदर्शन किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए