रांची : केंद्र सरकार की नीतियों को अलोकतांत्रिक एवं दमनात्मक बताते हुए रांची जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं ने आयुक्त कार्यालय के समीप धरना प्रदर्शन किया. झारखंड कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी ताराचंद भगोरा ने कहा कि मोदी सरकार विपक्ष को समाप्त करना चाहती है.
कांग्रेस उनको मुंहतोड़ जवाब देगी. उन्होंने मोदी सरकार में शामिल मंत्रियों व भाजपा के मुख्यमंत्रियों पर भ्रष्टाचारी होने का आरोप लगाया. कहा कि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देते हैं.
मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा कि केंद्र सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया. कहा कि भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग कर विपक्ष को प्रताड़ित कर रही है. प्रधानमंत्री पूंजीपतियों के हाथ के खिलौने बन गये हैं.
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि मोदी सरकार देश को कट्टरपंथी बना कर हिटरलरशाही की ओर ले जा रही है. सामाजिक समसरसता खत्म करने की कोशिश की जा रही है. कांग्रेस कार्यकर्ता इसका जवाब सड़क पर उतर कर देंगे.
आयुक्त कार्यालय के समीप किये गये प्रदर्शन में सांसद डॉ प्रदीप बलमुचू समेत महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, युवक कांग्रेस के पदाधिकारी भी शामिल हुए.
महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया. प्रदर्शन में अनादि ब्रह्म, प्रो विनोद सिंह, राजेंद्र प्रताप देव, आलोक दूबे, शमशेर आलम, डॉ राजेश गुप्ता, लाल किशोर नाथ शाहदेव, उदय शंकर ओझा, राजीव रंजन प्रसाद, सूर्यकांत शुक्ला, सुनील सिंह, रमा खलखो, मुंजी सिंह, ज्योति सिंह मथारू, संजय पांडेय, टिंकु वर्मा, ब्रजेंद्र कुमार, आशुतोष नाथ पाठक, रामाकांत आनंद, नागो चौधरी, दिनेशलाल सिन्हा, राजू राम, योगेंद्र सिंह बेनी, आनंद जलान, हाजी अख्तर अंसारी समेत बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए.