झारखंड में बिजली व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी, 81 विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगे 405 नए पावर सब स्टेशन
झारखंड के हर विधानसभा क्षेत्र में 5 नए पावर सब स्टेशन बनेंगे। 1012 करोड़ की इस योजना से शहरी और ग्रामीण इलाकों में बिजली की समस्या दूर होगी।
रांची. राज्य के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम पांच नये पावर सब स्टेशन (पीएसएस) बनाने का निर्णय लिया है. 81 विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से राज्य में कम से कम 405 नये सब स्टेशन बनेंगे. इन पर करीब 1012 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है.
ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी के श्रीनिवासन ने इस संबंध में अधिकारियों को कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है. जेबीवीएनएल के निदेशक (वितरण एवं परियोजना) प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने सभी विद्युत आपूर्ति क्षेत्रों के महाप्रबंधक-सह-मुख्य अभियंता को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है. यह पत्र 11 सितंबर 2026 को जारी किया गया है.
शहरी क्षेत्र में 5 से 10 और ग्रामीण में 15 से 20 किमी लाइन
पत्र में कहा गया है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति विभाग की प्राथमिकता है. इसके लिए शहरी क्षेत्रों में 33/11 केवी लाइन की लंबाई लोड के अनुसार पांच से 10 किलोमीटर और ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 किलोमीटर रखना जरूरी है. इससे उपभोक्ताओं को उचित वोल्टेज के साथ बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम पांच पीएसएस बनाने का फैसला लिया गया है. पीएसएस के लिए जमीन का चयन करते समय संबंधित विधायक और जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श करने का निर्देश दिया गया है.
डीसी से जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध
जेबीवीएनएल ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच सब स्टेशन के निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने को संबंधित जिलों के उपायुक्तों से अनुरोध करने का निर्देश दिया है. साथ ही जमीन की उपलब्धता और अब तक की गयी कार्रवाई से संबंधित अनुपालन प्रतिवेदन मुख्यालय को भेजने को कहा गया है.
रांची में 87 से बढ़कर 122 हो जायेंगे पीएसएस
रांची जिले में सात विधानसभा क्षेत्र हैं. इनमें रांची, हटिया, कांके, खिजरी, सिल्ली, तमाड़ और मांडर शामिल हैं. वर्तमान में जिले में कुल 87 पावर सब स्टेशन हैं, जिनमें 41 शहरी क्षेत्र में हैं. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच-पांच नये सब स्टेशन बनने के बाद जिले में 35 अतिरिक्त पीएसएस जुड़ेंगे. इससे कुल संख्या बढ़कर 122 हो जायेगी. इससे रांची के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए