बच्चों की गंभीर बीमारियों और आधुनिक इलाज पर तीन दिवसीय 'रांची पेडिकॉन 2026' 18 सितंबर से, 300 से ज्यादा विशेषज्ञ होंगे शामिल
रांची में 18 से 20 सितंबर तक 'पेडिकॉन 2026', जुटेंगे 300 से ज्यादा शिशु रोग विशेषज्ञ (AI Generated Image)
रांची में 18 से 20 सितंबर तक 'रांची पेडिकॉन 2026' का आयोजन किया जा रहा है. यह तीन दिवसीय सम्मेलन बच्चों में होने वाली गंभीर बीमारियों और उनके आधुनिक इलाज की तकनीकों पर केंद्रित है. देशभर से 300 से अधिक शिशु रोग विशेषज्ञ इसमें भाग लेंगे.
रांची. बच्चों में होने वाली गंभीर बीमारियों और उनके आधुनिक इलाज की तकनीकों पर चर्चा के लिए तीन दिवसीय सम्मेलन "रांची पेडिकॉन 2026" का आयोजन किया जा रहा है. इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स, रांची के तत्वावधान में यह सम्मेलन 18 से 20 सितंबर तक होटल रामाडा में होगा. सम्मेलन में देशभर से 300 से अधिक शिशु रोग विशेषज्ञ शामिल होंगे.
सम्मेलन का थीम ‘कनेक्ट, लर्न एंड इंस्पायर’
सम्मेलन का थीम ‘कनेक्ट, लर्न एंड इंस्पायर’ रखा गया है. सम्मेलन को लेकर गुरुवार को आइएमए हॉल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई. आयोजन सचिव डॉ शक्ति पद दास ने बताया कि तीन दिवसीय सम्मेलन में प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप, पेपर-पोस्टर प्रेजेंटेशन, अवॉर्ड पेपर और क्विज का आयोजन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: झारखंड-ओडिशा में ईडी की छापेमारी, सहकारिता बैंक घोटाले की चल रही जांच
बीमारियों और उनके इलाज के आधुनिक तरीकों पर विशेषज्ञ चर्चा
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में बच्चों में होने वाली विभिन्न गंभीर बीमारियों और उनके इलाज के आधुनिक तरीकों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे. इनमें बच्चों के हृदय रोग, डेंगू, मिर्गी, निमोनिया, पीआइसीयू इमरजेंसी, कैंसर, फूड एलर्जी और समय से पहले यौवनावस्था समेत कई विषय शामिल हैं. आयोजन सचिव ने कहा कि सम्मेलन युवा डॉक्टरों के लिए भी महत्वपूर्ण होगा. उन्हें देश के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञों से सीधे सीखने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा. इसका लाभ भविष्य में झारखंड के बच्चों के इलाज और चिकित्सा व्यवस्था को मिल सकेगा.
देशभर के विशेषज्ञ देंगे व्याख्यान
सम्मेलन में आइएपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ नीलम मोहन, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट, नयी दिल्ली के डॉ नीरज अवस्थी, मुंबई के डॉ एनवी कैस्टेलिनो और मैक्स हॉस्पिटल, नयी दिल्ली के डॉ कुणाल कालरा समेत कई विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे. प्रेस वार्ता में आयोजन से जुड़े डॉ अमित मोहन, डॉ ल राजेश कुमार, डॉ पार्थ कुमार चौधरी, डॉ शैलेश चंद्रा, डॉ दीपक कुमार, डॉ प्रेम रंजन, डॉ परमानंद कांशी, डॉ किरण शंकर दास, डॉ अनिताभ और डॉ राजेश कुमार (बालपन) मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए