ePaper

भाजपा-आजसू में बन गयी बात, 3 सीट पर फ्रेंडली फाइट, सुखदेव भगत को लोहरदगा से बीजेपी का टिकट

Updated at : 13 Nov 2019 11:48 AM (IST)
विज्ञापन
भाजपा-आजसू में बन गयी बात, 3 सीट पर फ्रेंडली फाइट, सुखदेव भगत को लोहरदगा से बीजेपी का टिकट

रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के बीच बात बन गयी है. सुदेश महतो की पार्टी आजसू 10 सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि तीन सीट पर दोस्ताना संघर्ष होगा. कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सुखदेव भगत को लोहरदगा से बीजेपी का टिकट मिल गया है. इस सीट […]

विज्ञापन

रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के बीच बात बन गयी है. सुदेश महतो की पार्टी आजसू 10 सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि तीन सीट पर दोस्ताना संघर्ष होगा. कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सुखदेव भगत को लोहरदगा से बीजेपी का टिकट मिल गया है. इस सीट पर आजसू के पूर्व विधायक कमल किशोर भगत की पत्नी नीरू शांति भगत ने दो दिन पहले ही नामांकन दाखिल कर दिया था.

बताया जाता है कि रात एक बजे भाजपा ने आजसू के सामने प्रस्ताव रखा कि वह 10 सीटों पर चुनाव लड़े, लेकिन देर रात आजसू ने कुछ स्पष्ट नहीं किया था. हालांकि, अब खबर आयी है कि आजसू और भाजपा में बात बन गयी है. दोनों मिलकर चुनाव लड़ेंगे. हालांकि, तीन ऐसी सीटें हैं, जहां दोस्ताना संघर्ष होगा. इसके पहले ऐसा लग रहा था कि दोनों पार्टियों का गठबंधन टूट जायेगा.

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में आजसू पार्टी 8 सीट पर चुनाव लड़ी. उसके 5 उम्मीदवार जीते. आजसू को इस बार 3.68 फीसदी वोट मिले. यदि सिर्फ उन सीटों पर मिले वोट की बात करें, जहां से आजसू पार्टी ने चुनाव लड़ा, तो उसे कुल 37.06 फीसदी मत मिले, जो सबसे ज्यादा सीट जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी को मिले 35.16 फीसदी से अधिक वोट है.

इसके पहले वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव में आजसू पार्टी 54 सीटों पर लड़ी. उसके 5 उम्मीदवार जीते और 45 की जमानत जब्त हो गयी. पार्टी को कुल वोट का 5.12 फीसदी मत प्राप्त हुआ. हालांकि, सिर्फ 54 सीटों की बात करें, तो यहां उसे कुल 7.55 फीसदी वोट हासिल हुए.

वर्ष 2005 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किये थे. सुदेश महतो समेत दो लोग विधानसभा पहुंचे. पार्टी के 37 उम्मीदवार अपनी जमानत नहीं बचा पाये. आजसू पार्टी को कुल मत का 2.81 फीसदी मत मिला. बात सिर्फ 40 सीटों पर मिले वोट की करें, तो उसे 5.75 फीसदी मत प्राप्त हुए.

यहां बताना प्रासंगिक होगा कि पहले चरण का मतदान 30 नवंबर को होना है, जिसके लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया आज (13 नवंबर को) समाप्त हो रही है. पहले चरण में 6 जिलों की 13 सीटों पर मतदान होना है. पहले चरण में चतरा जिला की चतरा (एससी), गुमला की गुमला (एसटी), बिशुनपुर (एसटी), लोहरदगा जिला की लोहरदगा (एसटी), लातेहार जिला की मनिका (एसटी) और लातेहार (एससी), पलामू जिला की पांकी, डाल्टनगंज, बिश्रामपुर, छतरपुर (एससी) और हुसैनाबाद के अलावा गढ़वा जिले की गढ़वा और भवनाथपुर विधानसभा सीट पर मतदान होगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola