ePaper

मक्खी ने खोला राज, वाटर हार्वेस्टिंग के लिए बनायी गयी टंकी से मिला मां-बेटी का कंकाल

Updated at : 03 Sep 2019 8:53 AM (IST)
विज्ञापन
मक्खी ने खोला राज, वाटर हार्वेस्टिंग के लिए बनायी गयी टंकी से मिला मां-बेटी का कंकाल

अरगोड़ा के पिपराटोली में 21 अगस्त की रात से लापता मां-बेटी की हत्या रांची : अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पिपराटोली में मां-बेटी की हत्या का मामला सामने आया है. मां रेखा तिग्गा (27 वर्ष) व बेटी प्रियांशी तिग्गा (पांच वर्ष) 21 अगस्त की रात से लापता थी. उनके बारे में न तो मकान मालिक और […]

विज्ञापन
अरगोड़ा के पिपराटोली में 21 अगस्त की रात से लापता मां-बेटी की हत्या
रांची : अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पिपराटोली में मां-बेटी की हत्या का मामला सामने आया है. मां रेखा तिग्गा (27 वर्ष) व बेटी प्रियांशी तिग्गा (पांच वर्ष) 21 अगस्त की रात से लापता थी. उनके बारे में न तो मकान मालिक और न ही मृतका के परिजनों को कोई जानकारी मिल पा ही थी.
सोमवार की सुबह पीपराटोली स्थित सीआइएसएफ के रिटायर्ड एएसअाइ भैरव तिग्गा के नव निर्मित घर के परिसर में बनाये गये वाटर हार्वेस्टिंग की टंकी पर बड़ी काली मक्खी काफी संख्या में जमा थी. यह देख मकान मालिक व मृतका के परिजनों ने अरगोड़ा पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उक्त टंकी को खोला, तो सभी हैरान रह गये. टंकी से लापता मां-बेटी का कंकाल बरामद हुआ. टंकी से बरामद कपड़े, चप्पल आदि से दोनों की पहचान मृतका के परिजनों ने की.
रेखा रेजा का काम करती थी. उसकी बेटी पीपराटोली स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती थी. इस मामले में मृतका के परिजनों ने दोनों की हत्या का आरोप रातू थाना क्षेत्र के हुरहुरी निवासी शमीम अंसारी उर्फ शमीन अंसारी (पिता : शकुर अंसारी) पर लगाया है. शमीम पेशे से राजमिस्त्री है. मृतका व उसकी बेटी शमीम के साथ रहती थी.
मकान मालिक भैरव के अनुसार, मृतका की भतीजी (घटनास्थल से कुछ दूरी पर रहती है) के कहने पर उन्होंने अपने यहां शमीम, उसकी कथित पत्नी रेखा व बेटी को रहने के लिए स्टोर रूम दिया था. इसके एवज में 1500 रुपये लेते थे. पुलिस के मुताबिक, पति सुखदेव उरांव की मौत के बाद रेखा अपनी बेटी प्रियांशी के साथ लिव एंड रिलेशनशिप में शमीम के साथ रहती थी.
घटना को 21 अगस्त की रात अंजाम दिये जाने की बात सामने आ रही है. आरोपी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके उसके गांव हुरहुरी भी गयी थी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला. वहां पर उसकी पत्नी शबाना खातून और दो बेटे मिले. जिस ढंग से घटना को अंजाम दिया गया, उससे पुलिस अंदाजा लगा रही है कि पहले दोनों का गला घोंट कर या जगह देकर मारा गया होगा, फिर टंकी में दोनों का शव डाल दिया गया होगा. साथ ही तेजाब या कुछ ऐसा द्रव्य भी ऊपर से डाल दिया गया, जिससे दोनों का शव गल गया. बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है. जांच के बाद आगे का खुलासा होगा.
21 अगस्त की शाम तक रेखा ने किया था काम : घटनास्थल से कुछ दूरी पर सीआइएसएफ बोकारो में तैनात विमला मिंज भी नया घर बनवा रही है. इनके यहां रेखा ने रेजा के तौर पर 21 अगस्त की शाम तक काम किया था.
काम के बाद वह भैरव तिग्गा के यहां अपने किराये के रूम में आ गयी थी. साथ में बेटी भी थी. उस रात अपने पुराने घर से खाना खाने के बाद भैरव तिग्गा पत्नी बसंती तिग्गा के साथ सोने के लिए रात 10 बजे के करीब आये थे. उन्होंने देखा कि शमीम व रेखा का कमरा अंदर से बंद है. 22 अगस्त की सुबह में कोई नहीं दिखा.
फिर इस दिन दोपहर एक बजे हाफ पैंट पहना शमीम नजर अाया. पूछने पर उसने बताया कि दोनों गांव चले गये हैं. फिर हमलोग अपने पुराने घर चले गये. वहां से खाना खाने के बाद रात सवा दस बजे वापस नया घर अाये, तो देखा कि शमीम का कमरा बंद था.
शमीम को फोन किया, तो बोला कि हम भी अपने गांव हुरहुरी आये हैं. अब यहीं रहेंगे. 24 अगस्त की सुबह शमीम मोटरसाइकिल से सुबह में आया. कमरा खोल कर अपना कुछ सामना ले गया और कमरे की चाभी हमें दे दी. 28 अगस्त को मृतका की भतीजी आयी और कमरे से गैस सिलिंडर आदि ले गयी. जब उससे पूछा कि रेखा और उसकी बेटी कहां है, तो उसने कहा कि उनका कुछ पता नहीं चल रहा है.
हमलोग सब जगह तलाश कर लिये. तब शमीम को मैंने फोन किया. उसने कहा कि काम के सिलसिले में चाईबासा आ गये हैं. भैरव तिग्गा ने बताया कि मेरी पत्नी बसंती देवी ने भी शमीम से फोन किया. इस पर शमीम ने बताया कि रेखा किसी बंगाली लड़के के साथ भाग गयी है.
पत्नी ने कहा पांच-छह माह से हुरहुरी नहीं आया शमीम
हुरहुरी स्थित घर पर शमीन की पत्नी शबाना खातून ने कहा कि पांच-छह माह से वह घर नहीं आया है. 13 साल पहले शमीम से उसकी शादी हुई थी. उसे दो पुत्र (एक पांच साल का व दूसरा दो साल का) है. शमीम अभी कहां है, इसकी जानकारी मुझे नहीं है. वहीं शमीम का एक भाई अजहर अंसारी बुढ़मू के एक एलआइसी एजेंट से लूट मामले में जेल गया था. दो दिन पहले ही बाहर आया है.
मृतका जिन लोगों के साथ काम करती थी, जहां रहती थी और जिस पर हत्या का आरोप लगाया गया, उन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. इसके अलावा तकनीकी साक्ष्य भी खंगाले जा रहे हैं. मामले का जल्द ही खुलासा किया जायेगा.
हरिलाल चौहान, सिटी एसपी, रांची
शमीम के यहां से कोई नहीं आया
मृतका की बहन पंछी ने बताया कि रेखा उसकी छोटी बहन थी. यह कह कर वह रोने लगी.घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के सैकड़ों लोग मौके पर जुट गये. माैके पर सिटी एसपी हरिलाल चौहान, हटिया डीएसपी प्रभात रंजन बरबार, सिटी डीएसपी अमित सिंह, सीआइडी डीएसपी निहाल आदि पहुंचे थे. हालांकि शमीम के यहां से कोई नहीं आया.
पिपराटोली स्थित सीआइएसएफ के रिटायर्ड एएसआइ के नवनिर्मित घरमें रहती थी
मृतका रेखा तिग्गा रेजा का करती थी काम, बेटी प्रियांशी तिग्गा पांच साल की थी
राजमिस्त्री शमीम के साथ लिव एंड रिलेशनशिप में रह रही थी
टंकी से बरामद कपड़े, चप्पल आदि से दोनों की पहचान परिजनों ने की
घटना के बाद से आरोपी राज मिस्त्री फरार, उसके घर में पुलिस ने दी दबिश
मृतका मूल रूप से रातू थाना क्षेत्र के डंडे हेहल की थी, पति की पहले हो चुकी थी मौत
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola