जगन्नाथपुर थाना प्रभारी के खिलाफ भाजपाइयों ने दिया धरना, लगाये गंभीर आरोप, कहा – थानेदार मांग रहे थे घूस

Updated:
विज्ञापन

हटिया : जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अनूप कुमार कर्मकार के खिलाफ भाजपा रांची महानगर एससी मोर्चा के अध्यक्ष कृष्णकांत राम के नेतृत्व में मंगलवार की सुबह 9:30 बजे पार्टी का झंडा लेकर दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना दिया. जगन्नाथपुर मौसीबाड़ी क्षेत्र के लोग भी धरने में शामिल हुए. सभी जगन्नाथपुर थाना प्रभारी को निलंबित करने की […]

विज्ञापन

हटिया : जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अनूप कुमार कर्मकार के खिलाफ भाजपा रांची महानगर एससी मोर्चा के अध्यक्ष कृष्णकांत राम के नेतृत्व में मंगलवार की सुबह 9:30 बजे पार्टी का झंडा लेकर दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना दिया. जगन्नाथपुर मौसीबाड़ी क्षेत्र के लोग भी धरने में शामिल हुए.

आपके शहर में

विज्ञापन
सभी जगन्नाथपुर थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग कर रहे थे. कृष्णकांत राम ने बताया कि उनकी बोलेरो गाड़ी फरवरी 2018 में घर के सामने से चोरी हो गयी थी, जो बिहार के पावापुरी थाना क्षेत्र से बरामद हुई. सूचना मिलने पर वे पावापुरी थाना पहुंचे.
गाड़ी की पहचान की. उसके बाद गाड़ी छुड़ाने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया. कोर्ट ने गाड़ी रिलीज करने के लिए जगन्नाथपुर थाना प्रभारी से रिपोर्ट मांगी थी. लेकिन थाना प्रभारी रोज थाना बुला कर आनाकानी करते थे. कहते थे कि बिहार जाने में खर्चा लगेगा. 25 हजार रुपये दो, हम यहां से अधिकारी भेजते हैं.
इधर, थाना घेराव की सूचना पर हटिया डीएसपी प्रभात रंजन बरवार वहां पहुंचे. कृष्णकांत राम की मांग के मद्देनजर मंगलवार को ही गाड़ी लाने के लिए पुलिस पदाधिकारी को पावापुरी भेजने का आदेश दिया. वहीं सभी आरोपों के बारे में कहा कि इन मामलों की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गयी है. उस पर कार्रवाई होगी.
तब जाकर दोपहर एक बजे लोग धरना से हटे. बता दें कि पिछले दिनों सिटी एसपी हरिलाल चौहान ने भी थाना प्रभारी को निलंबित किये जाने की अनुशंसा डीआइजी से की थी, लेकिन इन्हें निलंबित नहीं किया गया.
महिलाओं के साथ की थी गाली ग्लौज, नहीं हुई कार्रवाई
धरना में शामिल वार्ड 39 के पार्षद वेद प्रकाश सिंह ने कहा कि 13 फरवरी की रात दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. जिसमें वार्ड 37 के पार्षद आनंद मूर्ति सिंह अपने क्षेत्र की महिला द्रौपदी देवी एवं सूर्यमणी देवी के साथ रात्रि में थाना पहुंचे थे. तब थाना प्रभारी द्वारा महिलाओं के साथ गाली-गलौज की गयी थी. इसकी सूचना एसएसपी रांची को दी गयी.
तत्कालीन सिटी एसपी सुजाता वीणापानी ने महिलाओं का बयान लेकर कानूनी कार्रवाई करने की अनुशंसा की थी. लेकिन आज तक थाना प्रभारी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. आनंद मूर्ति सिंह ने बताया कि क्षेत्र में थाना प्रभारी के रवैये के कारण आम जनता थाना में जाने से डरती है. थाना में बिना पैसे के कोई भी काम नहीं होता है.
थाना प्रभारी पर हैं कई आरोप
भाजपा धुर्वा मंडल किसान मोर्चा के अध्यक्ष जेपी शर्मा ने कहा कि सेक्टर टू में घड़ी दुकान में आग लगाने वाले व्यक्ति का सीसीटीवी फुटेज थाना व हटिया डीएसपी को दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
किसी भी जमीन के मामले में थाना प्रभारी खुद नोटिस भेज कर दोनों पार्टी को बुलाते हैं और समझौता करने के नाम पर मोटी रकम लेते हैं. उन्होंने आज तक किसी कांड का उद्भेदन नहीं किया है.
डीएसपी ने चोरी गयी गाड़ी लाने के लिए एक अफसर को बिहार भेजने का आदेश दिया, तब धरना हुआ समाप्त
फरवरी में भाजपा नेता का बोलेरो घर के सामने से हो गया था चोरी, बिहार के पावापुरी से हुआ था बरामद
कोर्ट ने वाहन रिलीज के लिए थानेदार से मांगी थी रिपोर्ट
डीआइजी के आदेश पर जांच के लिए अफसर गये थे पावापुरी वैसे भी गाड़ी रिलीज कराने का काम पुलिस का नहीं है
कृष्णकांत राम की जिस बोलेरो गाड़ी की चोरी उनके घर के सामने से हुई थी, उसकी बरामदगी की सूचना मिलने पर रांची रेंज के डीआइजी के आदेश पर जांच के लिए एक पुलिस अफसर को पावापुरी थाना भेजा गया था. लेकिन वहां पर गाड़ी बरामदगी को लेकर अलग से केस दर्ज है. वैसे केस में गाड़ी को न्यायालय से रिलीज कराने का काम शिकायतकर्ता का है, न कि पुलिस का.
पार्षद ने मामले में अपना बयान आक्रोश में दिया है. क्योंकि वह इलाके में जुआ खेलाने, मुर्गा लड़ाने और पैसा लेकर लोगों को अवैध रूप से बचाने का काम करता है. इन कामों को मैं बंद करवा चुका हूं. इस वजह से वह पुलिस के प्रति नाराज हैं.
अनूप कर्मकार, थानेदार, जगन्नाथपुर
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola