रांची : यज्ञ ही संसार में श्रेष्ठतम कर्म है : विज्ञान देव
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 05 Mar 2019 8:56 AM
विज्ञापन
सदगुरु धर्मचंद्र देव जी महाराज के जन्म शताब्दी समारोह में प्रवचन सुनने उमड़े श्रद्धालु रांची : प्रभात तारा मैदान में आयोजित सदगुरु धर्मचंद्र देव जी महाराज के जन्म शताब्दी समारोह के दूसरे दिन सोमवार को 11 हजार कुंडीय विश्व शांति वैदिक महायज्ञ का आयोजन किया गया. दिन में 12 बजे सदगुरु आचार्य स्वतंत्र देव जी […]
विज्ञापन
सदगुरु धर्मचंद्र देव जी महाराज के जन्म शताब्दी समारोह में प्रवचन सुनने उमड़े श्रद्धालु
रांची : प्रभात तारा मैदान में आयोजित सदगुरु धर्मचंद्र देव जी महाराज के जन्म शताब्दी समारोह के दूसरे दिन सोमवार को 11 हजार कुंडीय विश्व शांति वैदिक महायज्ञ का आयोजन किया गया. दिन में 12 बजे सदगुरु आचार्य स्वतंत्र देव जी महाराज व संत प्रवर श्री विज्ञान देव जी महाराज के सानिध्य में अ लिखा श्वेत ध्वजा फहराया गया. संत प्रवर श्री विज्ञान देव जी महाराज ने कहा कि यज्ञ ही संसार में श्रेष्ठतम कर्म है और संसार का प्रत्येक श्रेष्ठतम कर्म ही यज्ञ है. यज्ञ की मुख्य भावना का तात्पर्य स्वार्थ के त्याग और परोपकारी जीवन व्यतीत करने से है.
उन्होंने कहा कि यज्ञ अग्नि में डाला हुआ कोई भी पदार्थ नष्ट नहीं होता, वह फैल जाता है. भौतिक विज्ञान का नियम है कि कोई भी वस्तु नष्ट नहीं होती, बल्कि रूपांतरित होती है. अग्नि का कार्य स्थूल पदार्थ को सूक्ष्म रूप में परिवर्तित करना है. वैदिक मंत्रोच्चारण से वातावरण शुद्ध होता है. आज हो रहे ग्लोबल वॉर्मिंग को रोकने का यह एक सशक्त माध्यम है.
इस पर सभी पर्यावरण चिंतकों का ध्यान अवश्य होना चाहिए. वहीं हजारों दंपतियों ने एक साथ भौतिक एवं आध्यात्मिक उत्थान के निमित वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ कुंड में आहुति दी. यज्ञ के बाद सदगुरु देव एवं संत प्रवर जी के दर्शन के लिए भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. यज्ञ के बाद मानव मन की शांति व आध्यात्मिक उत्थान के लिए विहंगम योग के क्रियात्मक ज्ञान की दीक्षा दी गयी. आयोजन में प्रतिदिन निःशुल्क योग, आयुर्वेद, पंचगव्य, होम्योपैथ आदि चिकित्सा पद्धतियों द्वारा चिकित्सकों के निर्देशन में रोगियों को चिकित्सा परामर्श भी दिया जा रहा है.
जन्म शताब्दी समारोह में देश-विदेश से पहुंचे लोग
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ फ्रांस, इटली, कनाडा, हांगकांग, सिंगापुर आदि देशों के लोग भी शामिल होने पहुंचे. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चतरा निवासी भाजपा के केंद्रीय प्रवक्ता और नरेंद्र मोदी द गेम चेंज के लेखक सुदेश वर्मा उपस्थित थे. उन्होंने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से समाज के गरीब, वंचित एवं महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं. उनके इन्हीं कार्यों के लिए जगदगुरु स्वतंत्र देव जी महाराज द्वारा सम्मानित किया गया है. वहीं प्रख्यात ज्योतिष रोहित विशाल को भी सम्मानित किया गया. मौके पर आयोजक ओमप्रकाश अग्रवाल, विष्णुकांत खेमका और डॉ पंकज दुबे भी उपस्थित थे.
प्रदर्शनी का लोगों ने किया अवलोकन
प्रभात तारा मैदान में सदगुरु आचार्य धर्मचंद्र देव की जीवनी पर प्रदर्शनी भी लगायी गयी है. इसे देखने लोगों का हुजूम उमड़ रहा है. प्रदर्शनी में धर्मचंद्र देव का जन्म, शिक्षा, विवाह, प्रवचन व शरीर त्याग करने के मॉडल लगाये गये हैं. यहां उनके बारे में लिख कर भी लोगों को जानकारी दी गयी है. वहीं पंडाल के पास लगाये गये शिविर में लोगों ने नि:शुल्क भोजन का लुत्फ उठाया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










