रांची : गुमराह कर रही ज्योति बिल्डटेक, गड़बड़ी की पुष्टि हुई तो रोकी जायेगी अगली किस्त

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 06 Dec 2018 9:41 AM

विज्ञापन

सीवरेज-ड्रेनेज के निर्माण का जायजा लेने निकलीं मेयर, अभियंता को खरीखोटी सुनायी रांची/मेसरा : बूटी बस्ती स्थित वार्ड नंबर-5 में सीवरेज-ड्रेनेज निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान मेयर आशा लकड़ा ने पाया कि निर्माण कंपनी ज्योति बिल्डटेक के प्रतिनिधियों ने रांची नगर निगम को गलत सूचना सौंपी है. मेयर ने मौके पर मौजूद कंपनी के […]

विज्ञापन
सीवरेज-ड्रेनेज के निर्माण का जायजा लेने निकलीं मेयर, अभियंता को खरीखोटी सुनायी
रांची/मेसरा : बूटी बस्ती स्थित वार्ड नंबर-5 में सीवरेज-ड्रेनेज निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान मेयर आशा लकड़ा ने पाया कि निर्माण कंपनी ज्योति बिल्डटेक के प्रतिनिधियों ने रांची नगर निगम को गलत सूचना सौंपी है.
मेयर ने मौके पर मौजूद कंपनी के वरीय अभियंता राहुल शर्मा को खरी-खोटी सुनाई. कहा : कंपनी नगर निगम को गुमराह कर रही है. कंपनी द्वारा कहा गया था कि 104 किमी सड़क का काम पूरा कर लिया गया है. जबकि, यहां तो कच्ची सड़क भी दुरुस्त नहीं की गयी है.
मेयर ने चेतावनी दी कि कंपनी द्वारा दी गयी रिपोर्ट और स्थल जांच के बाद बनायी गयी रिपोर्ट का मिलान किया जायेगा. अगर दोनों में अंतर पाया गया, तो संबंधित अभियंता पर सख्त कार्रवाई की जायेगी.
साथ ही कंपनी को दी जानेवाली अगली किस्त भी रोक दी जायेगी. उन्होंने सीवरेज-ड्रेनेज के कार्य में लगे नगर निगम के अभियंताओं को भी चेतावनी दी कि वे अपनी कार्यशैली में सुधार लायें, अन्यथा की उनका वेतन तो रोका ही जायेगा, साथ ही विभागीय कार्रवाई भी की जायेगी.
निरीक्षण के दौरान ये लोग थे मौजूद : मेयर के साथ निरीक्षण में नगर आयुक्त मनोज कुमार, डिप्टी मेयर संजीव विजय वर्गीय, नगर निगम के मुख्य अभियंता अजित लुईस लकड़ा, कार्यपालक अभियंता यूएन तिवारी, सहायक अभियंता गौतम कुमार, कनीय अभियंता विकास कुमार, चंद्रशेखर पिल्लई और ज्योति बिल्डटेक के इंचार्ज इंद्रजीत सिंह, हरजोत सिंह व स्थानीय लोग भी मौजूद थे.
लगता है कि छह माह में भी पूरा नहीं होगा काम
मेयर ने कहा कि 15 दिसंबर तक कंपनी को 104 किमी का स्टॉलेशन कार्य पूरा कर लेना है. लेकिन, मौजूदा हालात देख कर लगता है कि अगले छह माह में भी यह काम पूरा नहीं होगा. मौके पर मौजूद नगर आयुक्त ने कहा कि कंपनी ने अब तक प्रॉपर्टी चेंबर से मेनहोल के रिस्टोरेशन का जितना भी काम किया है, उसकी पूरी रिपोर्ट गली वाइज नगर निगम में जमा करें. इस पर कंपनी के वरीय अभियंता राहुल शर्मा ने भरोसा दिलाया कि मेनहोल, कनेक्टिंग और सड़क मरम्मत के काम में तेजी लायी जायेगी. इसे 15 दिनों में पूरा कर लिया जायेगा.
आधा दर्जन से ज्यादा सड़कों का काम पेंडिंग
वार्ड नंबर-5 की पार्षद गायत्री देवी ने कहा कि जनता की परेशानी को देखते हुए उन्होंने कई बार मेयर से इसकी शिकायत की थी.
उन्होंने बताया कि बूटी मोड़ से मड़ई टोला तक की डेढ़ किमी लंबी सड़क बनाने के लिए करीब डेढ़ साल पहले टेंडर हुआ था, लेकिन सीवरेज का काम पूरा नहीं होने की वजह से यह काम अब तक पेंडिंग है. वहीं, बड़गाईं की सड़क, मेडिका से खिजुरटोला होते हुए किशुनपुर तक, फुचका टोली एमडीएमएल अस्पताल से लोहरा टोला, मड़ाई टोला से नारहोर कैलाश भट्ठा तक समेत क्षेत्र की आधा दर्जन सड़कों का काम भी सीवरेज-ड्रेनेज की वजह से ही पेंडिंग है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola