रांची : दिल्ली-एनसीआर की तरह ही झारखंड में भी रात आठ से 10 बजे तक ही फोड़े जायेंगे पटाखे
Updated at : 03 Nov 2018 1:02 AM (IST)
विज्ञापन

रांची : गृह विभाग के प्रधान सचिव एसकेजी रहाटे ने अधिकारियों आदेश दिया है कि वे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करायें. इसके तहत दिल्ली और एनसीआर की तरह ही झारखंड में भी रात आठ बजे से 10 बजे तक ही दीपावली के दिन पटाखे फोड़े जा सकेंगे. गृह सचिव शुक्रवार को प्रोजेक्ट […]
विज्ञापन
रांची : गृह विभाग के प्रधान सचिव एसकेजी रहाटे ने अधिकारियों आदेश दिया है कि वे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करायें. इसके तहत दिल्ली और एनसीआर की तरह ही झारखंड में भी रात आठ बजे से 10 बजे तक ही दीपावली के दिन पटाखे फोड़े जा सकेंगे. गृह सचिव शुक्रवार को प्रोजेक्ट भवन सचिवालय में मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे. बैठक में त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गयी.
गृह सचिव ने कहा कि काली पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन पर खास ध्यान रखा जाये. किसी भी हालत में तय रास्ते ही विसर्जन जुलूस निकाला जाये. वहीं, छठ में महिलाओं की भारी भागीदारी के मद्देनजर छठ घाटों और मार्गों पर ज्यादा संख्या में महिला कर्मियों की तैनाती जरूर करें. उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि किसी भी हाल में रात दस बजे के बाद लाउडस्पीकर नहीं बजे.
इसे सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम उठायें. बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी उपायुक्तों और आरक्षी अधीक्षकों से विभिन्न पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था की तैयारियों को लेकर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये दिशा निर्देश भी दिये.
समय रहते त्योहारों की अलग-अलग प्रकृति के अनुसार करें मुकम्मल तैयारी : मुख्य सचिव
मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी ने नवंबर के त्योहारी माह में विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन को सतर्क और चुस्त-दुरुस्त रहने का निर्देश दिया है. वहीं त्योहारों की अलग-अलग प्रकृति के अनुसार मुकम्मल तैयारी समय रहते करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इस बार भी व्यवस्था ऐसी करें कि प्रशासन हर मौके और जगह पर चुस्त-दुरुस्त नजर आये.
उन्होंने निर्देश दिया कि पर्व-त्योहार के अवसर पर बाहर से भारी संख्या में लोग अपने मूल निवास स्थान पर आते हैं, इनकी सुविधा और सुरक्षा पर भी विशेष नजर रखे. उन्होंने सभी उपायुक्तों से राज्य स्थापना दिवस पर झारखंड सम्मान के लिए अपने-अपने जिले से उल्लेखनीय कार्य करनेवाले लोगों का प्रस्ताव देने का भी निर्देश दिया. मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि त्योहारी मौसम में बाजार में काफी भीड़ होगी, ऐसी स्थिति में वहां लगे सीसीटीवी सक्रिय रहने चाहिए.
- मुख्य सचिव ने सभी उपायुक्तों और आरक्षी अधीक्षकों को दिया निर्देश
- काली पूजा, दीपावली, छठ, ईद मिलाद-उन-नबी और गुरु पर्व के मद्देनजर करें तैयारी
- छठ घाटों में महिला पुलिस कर्मियों की बड़ी संख्या में की जाये तैनाती
- रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर बजाने वालों पर होगी कार्रवाई
रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और सार्वजनिक स्थानों पर रखें विशेष निगरानी : डीजीपी
बैठक में डीजीपी डीके पांडेय ने त्योहार के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और निगरानी के लिए वाच टॉवर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. वहीं, लाउडस्पीकर से किसी भी हाल में आपत्तिजनक सीडी नहीं बजे, इस पर विशेष ध्यान रखने को कहा.
उन्होंने रेलवे स्टेशन, बस अड्डे जैसे सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया. एडीजी आरके मल्लिक ने दीपावली के दौरान आग से जलने की घटनाओं पर ध्यान आकृष्ट करते हुए निर्देश दिया कि तमाम अस्पतालों में जलने के मामलों में तत्काल इलाज सुलभ होना चाहिए.
वहीं, छठ घाटों पर डूबने की घटना को रोकने के लिए गोताखोरों की तैनाती करने को कहा. एडीजी अनुराग गुप्ता ने कंट्रोल रूम को विधि-व्यवस्था और आकस्मिक दुर्घटना के मामलों के मद्देनजर पूर्ण कार्यशील करने पर बल दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




