पैंकी में बस स्टैंड के लिए अंचल का शिविर, ग्रामीणों ने प्रस्तावित स्थल बदलने की मांग की
शिविर में अपनी बातें रखते ग्रामीण. प्रस्तावित भूमि पर विरोध जताते ग्रामीण
पैंकी में प्रस्तावित बस स्टैंड निर्माण पर स्थानीय ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है. अपनी पुश्तैनी जमीन पर निर्माण को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने स्थल बदलने की मांग की है. जानिए क्या है पूरा मामला.
कुजू से धनेश्वर - प्रदीप की रिपोर्ट
कुजू. पैंकी में प्रस्तावित बस स्टैंड निर्माण को लेकर शनिवार को लहडूबा शिव मंदिर परिसर में मांडू अंचल की ओर से शिविर लगाया गया. शिविर में प्रस्तावित भूमि से जुड़े रैयतों और ग्रामीणों से जमीन के दस्तावेज मांगे गये. इस दौरान ग्रामीणों ने प्रस्तावित स्थल पर बस स्टैंड निर्माण का विरोध करते हुए स्थल बदलने की मांग की.
शिविर के दौरान ग्रामीण अधिकारियों के साथ प्रस्तावित भूमि पर पहुंचे और अपनी आपत्ति दर्ज करायी. ग्रामीणों ने कहा कि उक्त भूमि पर उनके पूर्वज लंबे समय से खेती करते आ रहे हैं. कई परिवारों के घर-मकान भी बने हुए हैं. ऐसे में बस स्टैंड निर्माण के लिए जमीन खाली कराने की प्रक्रिया से ग्रामीणों में नाराजगी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर वैकल्पिक स्थल पर बस स्टैंड निर्माण कराने की मांग की.
विरोध के बाद माहौल सामान्य होने पर कुछ रैयतों ने अपनी जमीन से संबंधित कागजात अधिकारियों को सौंपे. अधिकारियों ने प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच करते हुए संबंधित जमीन का सत्यापन किया. बताया गया कि खाता नंबर एक, प्लॉट संख्या 239 की 28.25 एकड़ गैरमजरूआ खास भूमि में से 2.42 एकड़ पर बस स्टैंड निर्माण प्रस्तावित है.
इससे पूर्व रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज भी प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं. शिविर में मांडू अंचलाधिकारी सुभाष कुमार, कर्मचारी रविभूषण ठाकुर, अमीन बैजनाथ विश्वकर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता मुंडा, वार्ड पार्षद संदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और रैयत मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए