सिग्नलिंग केबल चोरी करते तीन गिरफ्तार, 20 मीटर रेलवे केबल बरामद
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 25 May 2026 9:48 PM
सिग्नलिंग केबल चोरी करते तीन गिरफ्तार, 20 मीटर रेलवे केबल बरामद
पतरातू. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पतरातू पोस्ट ने रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. घटना 23 मई की रात की है, जब पतरातू प्वाइंट संख्या 305 के पास लोकेशन बॉक्स से 2×12 कोर सिग्नलिंग केबल काटकर चोरी कर ली गयी थी. चोरी की जानकारी मिलने पर विभाग ने 24 मई को ज्वाइंट नोट तैयार किया. शनिवार को जांच के दौरान आरपीएफ टीम ने ईस्ट केबिन के पास तीन लोगों को जूट की बोरी में भारी सामान ले जाते देखा. संदेह होने पर उन्हें पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें करीब 20 मीटर लंबा रेलवे सिग्नलिंग केबल बरामद हुआ. गिरफ्तार आरोपियों में सौंदा बगीचा निवासी मोहन डे (50 वर्ष), राहुल कुमार (18 वर्ष) और गौतम कुमार (20 वर्ष) शामिल हैं. पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि पैसे के लालच में उन्होंने केबल काटकर पास के टूटे केबिन में छिपा दिया था और बाद में बेचने के लिए ले जा रहे थे. आरोपियों के पास रेलवे संपत्ति ले जाने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला. इस पर उप-निरीक्षक प्रवीण कुमार की शिकायत पर कांड संख्या-05/2026 दर्ज किया गया. मामला धारा-3 आरपी(यूपी) एक्ट और रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत दर्ज हुआ. अधिकारियों ने बताया कि सिग्नलिंग केबल कटने से ट्रेन परिचालन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो सकती थी, जिसे आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई ने टाल दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










