बोल बम के जयकारों से गूंजा रजरप्पा, 75 हजार से अधिक कांवरियों ने उठाया जल

Updated:
विज्ञापन

रजप्पा में तीसरी सोमवारी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ : प्रभात खबर

सावन की अंतिम सोमवारी पर रजरप्पा में आस्था का सैलाब उमड़ा. 75 हजार से अधिक कांवरियों ने भैरवी नदी से जल उठाकर सिद्धेश्वर धाम के लिए भव्य कांवर यात्रा निकाली.

विज्ञापन

रजरप्पा से सुरेंद्र कुमार और शंकर पोद्दार की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर सोमवार को रजरप्पा से रामगढ़ के सिद्धेश्वर धाम तक भव्य कांवर यात्रा निकाली गयी. इस दौरान रजरप्पा मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. रामगढ़ जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे 75 हजार से अधिक कांवरियों ने भैरवी नदी से पवित्र जल उठाया और भगवान शिव का जलाभिषेक किया.

अहले सुबह तीन बजे से ही कांवरियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. देखते ही देखते पूरा रजरप्पा क्षेत्र केसरिया रंग में रंग गया. भैरवी नदी से जल उठाने के बाद कांवरियों ने रजरप्पा मंदिर परिसर स्थित करीब 20 फीट ऊंचे शिवलिंग पर जलाभिषेक किया. इसके बाद कांवर लेकर सिद्धेश्वर धाम की ओर रवाना हुए.

कांवरियों के जत्थे में युवाओं के साथ महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल थे. रास्ते भर बोल बम, हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा. कांवरिये भक्ति गीतों पर झूमते-नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे. जिन गांवों से कांवरिये रजरप्पा पहुंचे थे, वहां लौटने के बाद स्थानीय शिवालयों में भी जलाभिषेक किया गया.

मंदिर परिसर में उपस्थित पुजारी व श्रद्धालु
मंदिर परिसर में उपस्थित पुजारी व श्रद्धालु

केसरिया रंग में रंगा रजरप्पा-रामगढ़ मार्ग

कांवर यात्रा के कारण रजरप्पा से रामगढ़ तक का पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया. सड़कों पर दूर-दूर तक कांवरियों की कतार दिखाई दे रही थी. कई स्थानों पर ग्रामीणों ने भी कांवरियों का स्वागत किया. यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला. कई कांवरिये डीजे और भक्ति गीतों की धुन पर नाचते हुए यात्रा कर रहे थे.

धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक : चंद्रप्रकाश चौधरी

गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी भी रजरप्पा मंदिर पहुंचे और कांवरियों से मुलाकात कर उन्हें सावन की अंतिम सोमवारी की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि रजरप्पा से सिद्धेश्वर धाम तक निकलने वाली कांवर यात्रा क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है. भगवान भोलेनाथ सभी श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी करें और क्षेत्र में सुख-शांति व समृद्धि बनी रहे.

सेवा शिविरों में कांवरियों की हुई सेवा

कांवरियों की सुविधा को लेकर रजरप्पा मंदिर से रामगढ़ तक जगह-जगह सेवा शिविर लगाये गये थे. विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और राजनीतिक दलों की ओर से लगाये गये शिविरों में कांवरियों के बीच चना, शरबत, फल और पानी का वितरण किया गया. कई जगहों पर स्वयंसेवकों ने कांवरियों के लिए बैठने और विश्राम की व्यवस्था भी की.

Image

भुचूंगडीह में वाहनों को रोका गया

कांवर यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये थे. भुचूंगडीह के समीप बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी गयी थी. यहां से कांवरियों को पैदल रजरप्पा भेजा गया. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला पुलिस-प्रशासन के अधिकारी लगातार मार्ग पर निगरानी करते रहे. 12 दंडाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान तैनात किये गये थे. पुलिस प्रशासन की व्यवस्था के कारण कांवरियों ने शांतिपूर्ण तरीके से जल उठाया और अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए. पूरी यात्रा के दौरान रजरप्पा से लेकर रामगढ़ तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा.

हाथियों के झुंड को लेकर वन विभाग रहा मुस्तैद

रजरप्पा क्षेत्र में हाथियों के झुंड के आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रविवार से ही पूरी तरह मुस्तैद रही. कांवर यात्रा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए विभाग ने विशेष सतर्कता बरती. वनकर्मियों ने हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और ग्रामीणों व श्रद्धालुओं को भी सावधानी बरतने की अपील की. वन विभाग की टीम ने कड़ी निगरानी और प्रयास के बाद हाथियों के झुंड को रजरप्पा क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे जंगल की ओर खदेड़ दिया. हाथियों के क्षेत्र से निकल जाने के बाद प्रशासन और वन विभाग ने राहत की सांस ली. कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए वनकर्मियों की टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय रही.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola