भारतमाला परियोजना में लापरवाही पर गिरी गाज, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने दिए सख्त निर्देश
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 30 May 2026 6:49 PM
दुलमी में भारतमाला परियोजना के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी. फोटो: प्रभात खबर
Ramgarh News: रामगढ़ के दुलमी में भारतमाला परियोजना के निरीक्षण के दौरान सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने निर्माण कार्यों में मिली खामियों पर अधिकारियों को फटकार लगाई. उन्होंने अंडरपास, फ्लाईओवर, फुटब्रिज और सुरक्षा मानकों से जुड़े मुद्दे उठाते हुए समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए तथा लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
रामगढ़ से बासुदेव कुमार की रिपोर्ट
Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले में भारतमाला परियोजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों में पाई गई अनियमितताओं और तकनीकी खामियों को लेकर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कड़ा रुख अपनाया है. दुलमी प्रखंड के कुल्ही क्षेत्र में परियोजना के तहत निर्माणाधीन और निर्मित सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद ने कई गंभीर कमियों की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया और लापरवाही पर नाराजगी जताई. निरीक्षण के दौरान सांसद ने परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
केझिया घाटी में हिल कटिंग को लेकर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान सांसद ने केझिया घाटी क्षेत्र में किए जा रहे हिल कटिंग कार्य का भी जायजा लिया. उन्होंने पाया कि कई स्थानों पर कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है. इस पर उन्होंने संबंधित एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में निर्माण कार्य करते समय सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई, तो भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है. इसलिए सभी खामियों को जल्द दूर किया जाए.
कुल्ही चौक में अंडरपास और सोंटई में फ्लाईओवर की मांग
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए सांसद ने कुल्ही चौक में अंडरपास निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया. उनका कहना था कि बढ़ते यातायात और स्थानीय लोगों की आवाजाही को देखते हुए यहां अंडरपास बनाया जाना जरूरी है. इसके अलावा, उन्होंने सोंटई क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण की मांग को भी गंभीरता से उठाया. सांसद ने अधिकारियों से कहा कि इन मांगों पर तकनीकी रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके.
बरियातू में तकनीकी त्रुटियों पर उठाए सवाल
निरीक्षण के दौरान बरियातू क्षेत्र में फुटब्रिज और सड़क निर्माण कार्यों में पाई गई तकनीकी त्रुटियों को भी सांसद ने प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जा सकता. सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां तकनीकी कमियां सामने आई हैं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्य शुरू किया जाए. साथ ही, भविष्य में ऐसी त्रुटियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए.
बिना अनुमति बिजली तार बिछाने पर एफआईआर
निरीक्षण के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया. सांसद ने पाया कि कुछ स्थानों पर बिना अनुमति के अंडरग्राउंड बिजली तार बिछाए गए हैं. इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना क्षेत्र में बिना अनुमति कार्य करना नियमों का उल्लंघन है और इससे सुरक्षा संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो सकते हैं. ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए.
ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश
सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि भारतमाला जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र के विकास को गति देना और लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है. इसलिए स्थानीय भूगोल, जनसुरक्षा और ग्रामीणों की जरूरतों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए. साथ ही परियोजना से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल उठाए जाएं.
इसे भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, अर्जुन मुंडा ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन की मजबूती का मंत्र
अधिकारियों ने दिया सुधार का भरोसा
सांसद द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान जिन खामियों की ओर ध्यान दिलाया गया है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा. मौके पर दुलमी प्रखंड अध्यक्ष पंकज कुमार, गोला प्रखंड कार्यकारी अध्यक्ष अंगद महतो, चितरपुर युवा आजसू प्रभारी कुनाल कुमार महतो समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. सभी ने क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को सांसद के समक्ष रखा.
इसे भी पढ़ें: कोयला-लोहा कारोबार में वर्चस्व की जंग से दहला धनबाद, मेयर संजीव सिंह ने बाघमारा को बताया हॉट स्पॉट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










