झारखंड इस्पात फैक्ट्री में फिर ब्लास्ट, भट्टी हादसे में मजदूर घायल
रामगढ़ के गिद्दी स्थित झारखंड इस्पात फैक्ट्री में लगी आग.
झारखंड के रामगढ़ जिले की गिद्दी स्थित झारखंड इस्पात फैक्ट्री में बुधवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ। फैक्ट्री की तीन नंबर भट्टी में ब्लास्ट होने से एक मजदूर घायल हो गया, जिससे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गिद्दी से अजय कुमार की रिपोर्ट
Ispat Factory Blast: झारखंड के रामगढ़ जिले के गिद्दी स्थित झारखंड इस्पात फैक्ट्री में बुधवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया. फैक्ट्री की तीन नंबर भट्टी में अचानक ब्लास्ट होने से एक मजदूर घायल हो गया, जबकि वहां काम कर रहे कई अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए. घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घायल मजदूर को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है.
भट्टी के पास काम कर रहे थे छह से सात मजदूर
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11 बजे फैक्ट्री की तीन नंबर भट्टी के आसपास छह से सात मजदूर कार्य कर रहे थे. इसी दौरान मजदूरों को भट्टी में किसी अनहोनी की आशंका हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति को भांपते हुए मजदूर वहां से हटने और सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे.
भागने के दौरान घायल हुआ मजदूर
मजदूरों के भागने के सिलसिले में संतोष सिन्हा नामक श्रमिक घायल हो गया. बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान उसके पैर में गंभीर चोट लगी और पैर फ्रैक्चर हो गया. घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों और फैक्ट्री प्रबंधन की मदद से उसे उपचार के लिए रामगढ़ भेजा गया. फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.
बार-बार हो रहे हादसों से मजदूरों में दहशत
फैक्ट्री में हुए इस ताजा हादसे के बाद मजदूरों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल है. श्रमिकों का कहना है कि फैक्ट्री में पहले भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपेक्षित सुधार नहीं किया गया. लगातार हो रही घटनाओं ने मजदूरों की चिंता बढ़ा दी है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठने लगे सवाल
हादसे के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं. स्थानीय लोगों और मजदूरों का कहना है कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन होना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. हालांकि, इस मामले में फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
इसे भी पढ़ें: रांची: लोहे की दुकान में भीषण आग से मची अफरा-तफरी! कोकर में फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, लाखों का नुकसान
जांच और सतर्कता की मांग
घटना के बाद श्रमिकों और स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कराने तथा फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है. फिलहाल घायल मजदूर का इलाज जारी है और घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है.
इसे भी पढ़ें: जहानाबाद के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में भीषण आग, 41 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख, घंटों की मशक्कत के बाद बुझी आग
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए